बिहार में क्रिकेटरों की नई पारी: DSP बने मुकेश कुमार और आकाश दीप ने पुलिस मुख्यालय में संभाला पदभार

News4Bihar | पटना: भारतीय क्रिकेट में अपनी पहचान बना चुके बिहार के स्टार क्रिकेटर मुकेश कुमार और आकाश दीप ने अब पुलिस सेवा में नई पारी की शुरुआत कर दी है। दोनों खिलाड़ियों ने बिहार पुलिस मुख्यालय पहुंचकर DSP के पद पर ज्वाइनिंग कर ली है।

ज्वाइनिंग के बाद बिहार के DGP विनय कुमार ने दोनों क्रिकेटरों का स्वागत किया और उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं। पुलिस मुख्यालय में दोनों की मौजूदगी को लेकर अधिकारियों और कर्मचारियों में भी उत्साह देखने को मिला।

बताया जा रहा है कि कुछ दिन पहले बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मुकेश कुमार और आकाश दीप को DSP पद के लिए नियुक्ति पत्र सौंपा था। इसके बाद अब दोनों ने औपचारिक रूप से पुलिस सेवा में योगदान दे दिया है।

क्रिकेट के मैदान पर अपनी तेज गेंदबाजी से पहचान बनाने वाले दोनों खिलाड़ियों के लिए यह नई जिम्मेदारी खास मानी जा रही है। अब क्रिकेट के साथ-साथ दोनों बिहार पुलिस में भी अपनी भूमिका निभाएंगे।

सोशल मीडिया पर भी चर्चा

मुकेश कुमार और आकाश दीप के DSP बनने और पुलिस मुख्यालय में ज्वाइनिंग की खबर के बाद सोशल मीडिया पर भी इसकी खूब चर्चा हो रही है। खेल और प्रशासनिक सेवा—दोनों क्षेत्रों में बिहार का नाम रोशन करने की उम्मीद जताई जा रही है।