रूपेश मिश्रा (कटिहार) बिहार राज्य विद्यालय रसोइया संघ के आह्वान पर सोमवार को कटिहार समाहरणालय के समक्ष रसोइयों ने अपनी 18 सूत्री मांगों को लेकर धरना-प्रदर्शन किया। कार्यक्रम का नेतृत्व संघ के राज्य उपमहासचिव सह जिला अध्यक्ष कॉमरेड मोहम्मद मूसा ने किया। प्रदर्शन में जिले के विभिन्न विद्यालयों में कार्यरत बड़ी संख्या में रसोइया शामिल हुए।
संघ के नेताओं ने कहा कि विद्यालयों में मध्याह्न भोजन योजना के संचालन में रसोइयों की महत्वपूर्ण भूमिका है, लेकिन इसके बावजूद उन्हें उचित मानदेय और सरकारी कर्मचारी का दर्जा नहीं दिया जा रहा है। रसोइयों ने सरकार से उनकी मांगों पर शीघ्र निर्णय लेने की मांग की।
प्रदर्शन के दौरान संघ की प्रमुख मांगों में रसोइयों को सरकारी कर्मचारी का दर्जा देने, मानदेय बढ़ाकर 21 हजार रुपये प्रतिमाह करने, नियुक्ति एवं पहचान पत्र जारी करने तथा 12 महीने का नियमित भुगतान सुनिश्चित करने की मांग शामिल रही। संघ ने कहा कि रसोइयों को वर्तमान में पर्याप्त मानदेय और सुविधाएं नहीं मिल रही हैं, जिससे उन्हें आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
संघ नेताओं ने कहा कि सरकार यदि उनकी मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लेती है तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा। प्रदर्शन के माध्यम से सरकार से रसोइयों की समस्याओं का जल्द समाधान करने की अपील की गई।










