सहाजितपुर | बंद घर का ताला तोड़ लाखों की चोरी, गहनों के साथ जमीन के मूल कागजात भी ले गए चोर

  • सहाजितपुर थाना क्षेत्र के छपिया गांव की घटना, नासिक गया था परिवार; घर के कमरों और अलमारी के ताले तोड़कर चोरी

बनियापुर। सहाजितपुर थाना क्षेत्र के छपिया गांव में चोरों ने एक बंद घर को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये मूल्य के आभूषण समेत जमीन के महत्वपूर्ण कागजात चोरी कर लिए। घटना का खुलासा तब हुआ, जब परिवार के सदस्य बाहर से लौटकर घर पहुंचे।

पीड़ित गृहस्वामी नासिक प्रमोद कुमार के अनुसार, बीते पांच मई को वह अपने पूरे परिवार के साथ घर में ताला लगाकर नासिक चले गए थे। इसी दौरान चोरों ने बंद घर को निशाना बनाया। घर के पीछे बने वेंटिलेटर को तोड़कर चोर अंदर दाखिल हुए और कमरों के ताले तोड़कर अलमारी व बक्सों को खंगाल डाला।

8 अगस्त 2026 को परिवार के वापस लौटने पर घर का मुख्य दरवाजा खोलकर अंदर प्रवेश किया गया तो पूरा सामान अस्त-व्यस्त मिला। अलमारी और बक्सों के ताले टूटे हुए थे तथा सामान बिखरा पड़ा था।

पीड़ित के अनुसार, चोरी गए सामान में दो जोड़ी सोने के झुमके, एक जोड़ी सोने की बाली, सोने की नथिया, चांदी का डकस, हाथ का ब्रेसलेट, चांदी की चाबी रिंग और दोनों पैरों की चांदी की पायल शामिल हैं। इसके अलावा घर में रखा पानी का मोटर, पीतल व स्टील के बर्तन भी चोरी होने की बात सामने आई है।

चोरी की घटना में सबसे महत्वपूर्ण बात यह सामने आई कि घर में रखी एक पेटी भी गायब है, जिसमें जमीन के मूल कागजात और कुछ जरूरी प्राप्ति रसीदें रखी हुई थीं। इससे परिवार की चिंता और बढ़ गई है।

घटना के संबंध में पीड़ित ने सहाजितपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और जल्द ही घटना का उद्भेदन करने की बात कही गई है।