• अनुमंडल पदाधिकारी छपरा सदर एवं जिला शिक्षा पदाधिकारी के संयुक्त निर्देश के आलोक में भारत स्काउट और गाइड सारण ने चलाया सेवा शिविर
छपरा : सावन माह की दूसरी सोमवारी के अवसर पर छपरा शहर के प्रसिद्ध धनी धर्मनाथ मंदिर में श्रद्धालुओं की सुविधा, सेवा एवं सुरक्षा को लेकर भारत स्काउट एवं गाइड, सारण के 50 कैडेटों ने पूरी तत्परता के साथ अपनी जिम्मेदारी निभाई। अनुमंडल पदाधिकारी, छपरा सदर एवं जिला शिक्षा पदाधिकारी, सारण के संयुक्त निर्देश के आलोक में मंदिर परिसर में सेवा शिविर का आयोजन किया गया, जिसका नेतृत्व
जिला संगठन आयुक्त (स्काउट) अमन राज ने किया।
सावन की दूसरी सोमवारी पर धनी धर्मनाथ मंदिर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु भगवान शिव का जलाभिषेक करने पहुंचे। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए भारत स्काउट एवं गाइड के कैडेटों ने मंदिर परिसर में व्यवस्था संभालने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कैडेटों ने श्रद्धालुओं को कतारबद्ध तरीके से जलाभिषेक कराने, भीड़ को नियंत्रित करने तथा जलाभिषेक के बाद श्रद्धालुओं को मंदिर प्रांगण से सुरक्षित एवं व्यवस्थित तरीके से बाहर निकालने* की कमान संभाली।
कैडेटों ने सुबह से ही मंदिर परिसर में मोर्चा संभाल लिया और पूरी अनुशासन एवं सेवा भावना के साथ श्रद्धालुओं की सहायता में जुटे रहे। श्रद्धालुओं को कतार में आगे बढ़ाने के साथ-साथ उन्हें आवश्यक मार्गदर्शन दिया गया, जिससे जलाभिषेक की प्रक्रिया सुचारू रूप से संचालित होती रही। भीड़ के बीच कैडेटों की सक्रियता से श्रद्धालुओं को काफी सुविधा मिली।
सेवा शिविर में जिला प्रशिक्षक प्रणव सिंह, सोनू गुप्ता सहित भारत स्काउट एवं गाइड के अन्य प्रशिक्षक एवं 50 कैडेट सक्रिय रूप से सेवा कार्य में लगे रहे। सभी कैडेटों ने पूरी निष्ठा, अनुशासन और जिम्मेदारी के साथ अपनी ड्यूटी का निर्वहन किया।
इस अवसर पर जिला संगठन आयुक्त (स्काउट) अमन राज ने कहा कि भारत स्काउट एवं गाइड का मूल मंत्र सेवा, अनुशासन और समाज के प्रति जिम्मेदारी की भावना है। धनी धर्मनाथ मंदिर जैसे प्रमुख धार्मिक स्थल पर श्रद्धालुओं की सेवा एवं सहायता करना कैडेटों के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने कहा कि प्रशासन के निर्देशानुसार भारत स्काउट एवं गाइड, सारण के स्वयंसेवक भविष्य में भी सामाजिक, धार्मिक एवं जनसेवा से जुड़े आयोजनों में पूरी तत्परता के साथ अपनी जिम्मेदारी निभाते रहेंगे।
सावन की दूसरी सोमवारी पर धनी धर्मनाथ मंदिर में भारत स्काउट एवं गाइड के कैडेटों द्वारा किया गया सेवा कार्य श्रद्धालुओं की सुविधा के साथ-साथ *सेवा, अनुशासन और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना का शानदार उदाहरण* बनकर सामने आया।










