राजेश मिश्रा | औरंगाबाद | जिला मुख्यालय स्थित पीएम श्री अनुग्रह मध्य विद्यालय में शनिवार को बिहार पृथ्वी दिवस धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रधानाध्यापक उदय कुमार सिंह ने की। इस अवसर पर वन विभाग, औरंगाबाद के सहयोग से विद्यालय के छात्र-छात्राओं के बीच 100 फलदार एवं छायादार पौधों का वितरण किया गया।प्रधानाध्यापक उदय कुमार सिंह ने विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण की शपथ दिलाते हुए कहा कि प्रत्येक छात्र अपने घर में अपनी मां के नाम पर कम-से-कम एक पौधा अवश्य लगाए। उन्होंने पौधारोपण के बाद उसकी तस्वीर विद्यालय के व्हाट्सएप समूह में साझा करने की भी अपील की।उन्होंने बच्चों को तालाब, नदी एवं पोखरों को प्रदूषित नहीं करने, वर्षा जल का संरक्षण करने, बिजली का आवश्यकतानुसार ही उपयोग करने तथा प्लास्टिक और पॉलीथिन के स्थान पर कपड़े या कागज के थैले अपनाने का संदेश दिया। साथ ही जीव-जंतुओं एवं पशु-पक्षियों के प्रति संवेदनशील रहने तथा छोटी दूरी के लिए पैदल या साइकिल का उपयोग करने की सलाह दी।
प्रधानाध्यापक ने सरकार के स्वच्छता अभियान को जन-जन तक पहुंचाने और खुले में शौच मुक्त समाज के निर्माण में अपनी भागीदारी निभाने का भी आह्वान किया।कार्यक्रम में वन विभाग की ओर से वनकर्मी पुष्पलता एवं अवतार कुमार ने विद्यार्थियों को अधिक से अधिक पौधे लगाकर पृथ्वी को हरित बनाने का संदेश दिया। कार्यक्रम का संचालन शिक्षिका शिवांशी सिंह ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन शिक्षिका रीता कुमारी ने किया। अंत में सभी विद्यार्थियों ने पर्यावरण संरक्षण एवं अधिकाधिक वृक्षारोपण का संकल्प लिया।










