अपराधियों की शामत: 68 गिरफ्तारी, 1018 वाहनों की जांच, 17 हजार जुर्माना वसूला

■ पुलिस के दबाव में हत्या और एससी,एसटी एक्ट के आठ आरोपितों ने किया आत्मसमर्पण

राजेश मिश्रा | औरंगाबाद | पुलिस अधीक्षक उपेंद्रनाथ वर्मा के निर्देशन में जिले में अपराध नियंत्रण और मद्यनिषेध कानून के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर पुलिस ने व्यापक अभियान चलाया। जिलेभर में की गई कार्रवाई में कुल 68 आरोपितों को गिरफ्तार किया गया, जिनमें हत्या, एससी/एसटी एक्ट, हत्या के प्रयास, मद्यनिषेध एवं अन्य मामलों के अभियुक्त शामिल हैं। गिरफ्तार 35 आरोपितों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।पुलिस की रिपोर्ट के अनुसार हत्या के एक, एससी/एसटी एक्ट के आठ, हत्या के प्रयास के एक तथा मद्यनिषेध अधिनियम के 10 मामलों में गिरफ्तारी हुई। इसके अलावा विभिन्न अन्य मामलों में 48 आरोपित पुलिस के हत्थे चढ़े। अभियान के दौरान 157 लीटर देशी शराब जब्त की गई। साथ ही 42 वारंटों का निष्पादन किया गया। वाहन जांच अभियान में 1018 वाहनों की जांच की गई तथा यातायात नियमों के उल्लंघन पर 17 हजार रुपये शमन राशि के रूप में वसूले गए।पुलिस ने कार्रवाई के दौरान दो मोटरसाइकिल और एक मोबाइल फोन भी बरामद किया। ओबरा थाना क्षेत्र में 72 लीटर देशी शराब और एक मोटरसाइकिल जब्त की गई। वहीं नरारीकला थाना पुलिस ने 85 लीटर देशी शराब के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया। नगर थाना पुलिस ने एक अभियुक्त को मोटरसाइकिल और मोबाइल के साथ दबोचने में सफलता हासिल की।बारूण थाना के चर्चित हत्या एवं एससी/एसटी एक्ट के मामले में नामजद अभियुक्त मनोज पांडेय ने पुलिस की लगातार छापेमारी और दबाव के बाद न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया। वहीं रफीगंज थाना के एससी/एसटी एक्ट के मामले में सात नामजद अभियुक्तों ने भी पुलिस कार्रवाई के दबाव में न्यायालय के समक्ष आत्मसमर्पण किया।पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अपराधियों और शराब तस्करों के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा तथा कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।