भागलपुर -रविंद्र कुमार शर्मा | जिले के पीरपैंती प्रखंड के कीर्तनिया पंचायत अंतर्गत कीर्तनियां– पकड़िया मुख्य सड़क मार्ग जो राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-80) को जोड़ती है, उसकी जर्जर स्थिति को लेकर ग्रामीणों का ग़ुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया वही गुस्सा आज सड़क पर देखने को मिला। जहां सड़क की बदहाली से नाराज ग्रामीणों ने सड़क पर ही धान की रोपाई कर दी और खाद डालकर अनोखे तरीके से विरोध-प्रदर्शन किया तथा प्रशासन और जनप्रतिनिधियों का ध्यान इस ओर आकर्षित करने की मांग की।ग्रामीणों का कहना है कि पिछले दो वर्षों से सड़क की स्थिति पूरी तरह बदहाल है। जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे और जलजमाव रहने के कारण आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं। सबसे अधिक परेशानी स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों को होती है जबकि बिहार सरकार लगातार या दावा करती है कि ऐसा कोई गांव ऐसा कोई मोहल्ला नहीं है जहां सड़क का निर्माण नहीं किया गया हो पर इस गांव की स्थिति अभी भी बद से बद्तर है। बारिश के दिनों में सड़क की स्थिति और भी दयनीय हो जाती है, जिससे आवागमन काफी बाधित हो जाता है।ग्रामीणों ने बताया कि सड़क निर्माण एवं मरम्मत को लेकर कई बार संबंधित विभाग और प्रशासन को लिखित आवेदन दिया जा गया, लेकिन आज तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। वहीं ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र सड़क निर्माण कार्य शुरू नहीं किया गया, तो आगे सरकार और प्रशासन के खिलाफ उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे।










