रूपेश मिश्रा | कटिहार | कोढ़ा: कटिहार जिले के कोढ़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत रौतारा इलाके में 13 वर्षीय बालक सत्यम की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। 24 जुलाई से लापता सत्यम का शव करीब 15 दिन बाद शुक्रवार को गांव के ही एक मखाना खेत से बरामद किया गया। शव मिलने की सूचना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
जानकारी के अनुसार, बहरखाल पंचायत के रमेली गांव निवासी सत्यम 24 जुलाई को अचानक लापता हो गया था। इसके बाद परिजन लगातार उसकी तलाश कर रहे थे, लेकिन काफी प्रयास के बावजूद उसका कोई सुराग नहीं मिल पाया। शुक्रवार को गांव के एक मखाना खेत में शव मिलने के बाद घटना की जानकारी सामने आई।
घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। वहीं, सत्यम की मौत की खबर से परिवार में मातम पसरा है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पिता ने लगाया हत्या का आरोप
मृतक के पिता मंगल महतो ने गांव के ही कृष्णा महतो पर अपने बेटे की हत्या का गंभीर आरोप लगाया है। उनका आरोप है कि सत्यम की मौत किसी साजिश के तहत की गई है। उन्होंने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
पुराने विवाद की भी चर्चा
परिजनों के अनुसार, घटना के पीछे पुराना विवाद भी सामने आ रहा है। बताया गया है कि कुछ दिन पहले सत्यम द्वारा अपनी मां की पायल घर से ले जाकर गांव के एक अन्य लड़के के साथ बहरखाल स्थित सोना-चांदी की दुकान में बेचने की बात सामने आई थी। इसी मामले को लेकर कृष्णा महतो और उसके परिवार के साथ विवाद होने की बात कही जा रही है।
हालांकि, सत्यम की मौत हत्या है या किसी अन्य कारण से हुई, यह जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। पुलिस द्वारा शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई और मामले की जांच किए जाने की जानकारी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा पुलिस जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारण का खुलासा हो सकेगा।










