कटाव प्रभावित क्षेत्र में पहुंचे डीएम वैभव श्रीवास्तव, लिया हालात का जायजा… अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

छपरा/इसुआपुर: सारण में संभावित कटाव को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। शुक्रवार को जिला पदाधिकारी वैभव श्रीवास्तव इसुआपुर प्रखंड की डटरा पुरसौली पंचायत स्थित कटाव प्रभावित स्थल पर पहुंचे और मौके पर हालात का विस्तृत निरीक्षण किया। डीएम ने अधिकारियों से कटाव की मौजूदा स्थिति, संभावित खतरे और बचाव कार्यों की प्रगति की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने स्थानीय ग्रामीणों से भी बातचीत कर उनकी समस्याएं और सुझाव सुने।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने बताया कि क्षेत्र से गेहुआ नदी की धारा प्रवाहित होती है तथा अतिरिक्त जल निकासी के लिए ह्यूम पाइप की व्यवस्था की गई है। स्थिति का जायजा लेने के बाद जिला पदाधिकारी ने पूरे प्रभावित हिस्से का स्थायी पक्कीकरण कराने का निर्देश दिया। साथ ही नहर किनारे उगे पुराने पेड़-पौधों, झाड़ियों और झंखाड़ों की तत्काल साफ-सफाई कराने को कहा, ताकि जल प्रवाह बाधित न हो और कटाव का खतरा कम किया जा सके।

संभावित आपदा से निपटने की तैयारियों को और मजबूत करते हुए डीएम ने कटाव स्थल के पास 2,000 बालू भरे बोरे सुरक्षित रखने का निर्देश दिया, ताकि जरूरत पड़ने पर तत्काल उनका उपयोग कर जन-धन की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। इसके अलावा बांध के पूरे संवेदनशील हिस्से पर सीमेंट-कंक्रीट (सीसी) कार्य कराने के लिए भी आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

जिला पदाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि जन-धन की सुरक्षा जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने, आवश्यक संसाधन और उपकरण हर समय उपलब्ध रखने तथा किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

उन्होंने अधिकारियों को कटाव निरोधी कार्यों की लगातार निगरानी करने, संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष सतर्कता बनाए रखने और समय-समय पर जिला प्रशासन को स्थिति से अवगत कराने के निर्देश भी दिए।

निरीक्षण के दौरान अनुमंडल पदाधिकारी, मढ़ौरा, प्रखंड विकास पदाधिकारी, इसुआपुर तथा कार्यपालक अभियंता, बाढ़ निस्सरण प्रमंडल, छपरा सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।