छपरा (सारण): सारण के वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP) ने गुरुवार को हरिहरनाथ थाना का औचक निरीक्षण कर थाना की कार्यप्रणाली का गहन जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने लंबित कांडों की समीक्षा के साथ मालखाना, हाजत, शस्त्रागार, सीसीटीवी व्यवस्था और थाना परिसर की स्वच्छता का निरीक्षण किया।
SSP ने अधिकारियों को लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने, फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी में तेजी लाने तथा नियमित वाहन जांच अभियान चलाने के निर्देश दिए। इसके अलावा प्रभावी रात्रि गश्ती और संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने पर भी जोर दिया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने आम लोगों की शिकायतों का निष्पक्ष, पारदर्शी और समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश देते हुए कहा कि पुलिस की कार्यप्रणाली जनता के प्रति जवाबदेह और संवेदनशील होनी चाहिए।
SSP ने पुलिस पदाधिकारियों को अनुशासित कार्यशैली अपनाने, जनता के साथ सौहार्दपूर्ण व्यवहार करने तथा कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए पूरी सतर्कता के साथ कार्य करने का निर्देश दिया। उन्होंने थाना परिसर में साफ-सफाई, अभिलेखों के सुव्यवस्थित रख-रखाव और सुरक्षा व्यवस्था को और बेहतर बनाने पर भी बल दिया।










