सारण में बनेगा जिला स्किल डेवलपमेंट प्लान, युवाओं को मिलेगा रोजगारोन्मुख प्रशिक्षण का बड़ा लाभ

   News4Bihar (छपरा): सारण जिले में युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में जिला प्रशासन ने अहम पहल शुरू कर दी है। जिला पदाधिकारी वैभव श्रीवास्तव की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में जिला कौशल विकास समिति की बैठक आयोजित की गई, जिसमें जिला स्किल डेवलपमेंट प्लान (District Skill Development Plan) तैयार करने को लेकर विस्तृत चर्चा हुई।

बैठक में जिला पदाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जिले की आवश्यकताओं, स्थानीय संसाधनों, उद्योगों तथा रोजगार की संभावनाओं का समुचित आकलन करते हुए एक प्रभावी एवं व्यावहारिक कौशल विकास योजना तैयार की जाए। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण कार्यक्रम ऐसे हों, जो स्थानीय बाजार और उद्योगों की मांग के अनुरूप हों, ताकि प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले युवाओं को आसानी से रोजगार मिल सके।

उन्होंने जिला नियोजन पदाधिकारी को निर्देश दिया कि सभी संबंधित विभागों, प्रशिक्षण संस्थानों और वित्तीय संस्थाओं के साथ समन्वय स्थापित कर जिला स्किल डेवलपमेंट प्लान का प्रारूप जल्द तैयार कर प्रस्तुत किया जाए। साथ ही कौशल विकास कार्यक्रमों के सफल संचालन के लिए विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।

बैठक में बताया गया कि बिहार सरकार के सात निश्चय-2 के तहत संचालित “आर्थिक हल, युवाओं को बल” कार्यक्रम के अंतर्गत सारण जिले में लगातार रोजगारोन्मुख कौशल प्रशिक्षण दिए जा रहे हैं। इन प्रशिक्षणों के माध्यम से युवाओं को विभिन्न व्यवसायिक क्षेत्रों में दक्ष बनाकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में काम किया जा रहा है।

जिले में अब तक 1,41,419 युवाओं को ब्यूटी थेरेपी, फैशन डिजाइनिंग, अकाउंट असिस्टेंट, सिलाई मशीन ऑपरेटर, हेल्थकेयर, कंप्यूटर समेत कई रोजगारपरक ट्रेडों में प्रशिक्षण दिया जा चुका है। प्रशिक्षण के बाद बड़ी संख्या में युवा स्वरोजगार शुरू कर चुके हैं, जबकि कई युवाओं को निजी संस्थानों और अन्य क्षेत्रों में रोजगार भी मिला है।

बैठक में जिला नियोजन पदाधिकारी, लीड बैंक मैनेजर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।