News4Bihar | मढ़ौरा (सारण): सारण जिले के मढ़ौरा थाना क्षेत्र में सोमवार को दिनदहाड़े हुई गोलीबारी की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। मढ़ौरा-खैरा मुख्य सड़क स्थित मिर्जापुर फैक्ट्री मोड़ पर बाइक सवार अपराधियों ने एक युवक के सिर में गोली मारकर उसकी हत्या कर दी। वारदात के बाद अपराधी मौके से फरार हो गए। घटना से नाराज ग्रामीणों ने सड़क जाम कर आगजनी करते हुए पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर विरोध प्रदर्शन किया।
मृतक की पहचान पटेढ़ बैज गांव निवासी धर्मनाथ सिंह के 26 वर्षीय पुत्र बिट्टू कुमार के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि बिट्टू मिर्जापुर फैक्ट्री मोड़ पर एक जनरल स्टोर की गुमटी के पास खड़ा था। इसी दौरान बाइक पर पहुंचे अपराधियों ने उसके सिर में गोली मार दी। गोली लगते ही उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर रेल फैक्ट्री रोड की ओर फरार हो गए।
जलभरी कार्यक्रम से लौटने के बाद हुआ हमला
परिजनों के अनुसार, बिट्टू पिछले छह माह से एक फाइनेंस कंपनी में रिकवरी बॉय के रूप में कार्यरत था। सोमवार सुबह वह अपने गांव के पटेढ़ी मंदिर में आयोजित सात दिवसीय शिवपुराण कथा के जलभरी कार्यक्रम में शामिल हुआ था। कार्यक्रम से लौटने के बाद किसी आवश्यक कार्य से वह मिर्जापुर फैक्ट्री मोड़ पहुंचा था, जहां पहले से घात लगाए अपराधियों ने उसे निशाना बना लिया। उसका पैतृक गांव घटनास्थल से करीब तीन किलोमीटर की दूरी पर स्थित है।
हत्या के बाद फूटा लोगों का गुस्सा
दिनदहाड़े हुई हत्या की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गए। आक्रोशित लोगों ने सड़क पर टायर जलाकर मढ़ौरा-खैरा मुख्य सड़क को जाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी और वरीय अधिकारियों को मौके पर बुलाने की मांग की।
पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही मढ़ौरा थाना अध्यक्ष सह इंस्पेक्टर राजकिशोर प्रसाद पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने लोगों को शांत कराने और शव को कब्जे में लेने का प्रयास किया, लेकिन परिजन व ग्रामीण वरीय अधिकारियों के आने की मांग पर अड़े रहे। समाचार लिखे जाने तक शव पुलिस की निगरानी में घटनास्थल पर ही पड़ा था और सड़क जाम जारी था।
पुलिस का कहना है कि हत्या के पीछे के कारणों की जांच की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है तथा अपराधियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी गई है।










