पटना में राजभवन घेराव को लेकर आइसा सारण इकाई द्वारा चलाया गया व्यापक अभियान

News4Bihar | छपरा :बिहार में लगातार बदहाल होती शिक्षा व्यवस्था, बेकाबू होती फीस वृद्धि, परीक्षाओं में धांधली और युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ के खिलाफ ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन ने कमर कस ली है। आइसा के राज्यव्यापी आह्वान पर 22 जुलाई को राजधानी पटना में आयोजित होने वाले ऐतिहासिक ‘राजभवन घेराव’ की तैयारियों को लेकर सारण जिला इकाई द्वारा जिले भर में एक अभूतपूर्व जनसंपर्क एवं जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।

पिछले कई दिनों से आइसा सारण जिला इकाई के बैनर तले कार्यकर्ताओं की दर्जनों टीमें जिले के तमाम महाविद्यालयों, विश्वविद्यालय परिसरों, कोचिंग संस्थानों, हॉस्टलों, बस स्टैंडों और प्रमुख चौक-चौराहों पर मुस्तैदी से डटी हुई हैं। कार्यकर्ताओं ने गहन पर्चा वितरण अभियान, पोस्टरिंग तथा ताबड़तोड़ नुक्कड़ सभाओं के माध्यम से छात्रों और आम युवाओं से संवाद स्थापित किया है।

जिले भर में गूंजा आइसा का नारा, नुक्कड़ सभाओं से जगाई अलख

सारण जिले के जयप्रकाश विश्वविद्यालय परिसर, राजेंद्र कॉलेज, जगदम कॉलेज, गंगा सिंह कॉलेज, पी.सी. विज्ञान कॉलेज सहित शहर और ग्रामीण इलाकों के विभिन्न शिक्षण संस्थानों में आइसा कार्यकर्ताओं ने व्यापक अभियान चलाया। इसके अलावा छपरा शहर के प्रमुख स्थानों जैसे नगरपालिका चौक, साहिबगंज चौक, थाना चौक, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन रोड एवं विभिन्न ट्यूशन हब पर बैनर-पोस्टर लेकर कार्यकर्ताओं ने जोरदार नारेबाजी की।

नुक्कड़ सभाओं के दौरान छात्र नेताओं ने वर्तमान केंद्र व राज्य सरकार की छात्र-विरोधी नीतियों पर तीखे प्रहार किए। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि आज बिहार की उच्च शिक्षा पूरी तरह वेंटिलेटर पर है। सत्र नियमित नहीं हो रहे हैं, समय पर परीक्षाएं नहीं ली जा रही हैं, और दूसरी तरफ मनमाने नियमों को थोपकर गरीब व मध्यम वर्गीय परिवारों से आने वाले छात्रों को शिक्षा के अधिकार से वंचित करने की साजिशें रची जा रही हैं।

आइसा द्वारा 22 जुलाई के राजभवन घेराव के लिए उठाई गई मांगें सीधे तौर पर आम छात्र-छात्राओं के अधिकार और उनके बेहतर भविष्य से जुड़ी हैं।

पर्चा वितरण और नुक्कड़ सभाओं का नेतृत्व करते हुए आइसा सारण के जिला अध्यक्ष एवं जिला सचिव ने संयुक्त प्रेस बयान जारी करते हुए सरकार और विश्वविद्यालय प्रशासन पर तीखा हमला बोला।