News4Bihar | छपरा | स्वतंत्रता दिवस 2026 को पूरे उत्साह, गरिमा और देशभक्ति के माहौल में मनाने की तैयारियां शुरू हो गई हैं। समारोह की तैयारियों को लेकर रविवार को भिखारी ठाकुर प्रेक्षागृह में परामर्शदात्री समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें आयोजन से जुड़े सभी आवश्यक बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा करते हुए संबंधित अधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपी गईं।
बैठक में बताया गया कि स्वतंत्रता दिवस का मुख्य झंडोत्तोलन समारोह पूर्व की भांति राजेंद्र स्टेडियम, छपरा में आयोजित होगा। इस वर्ष समारोह में शामिल होने वाले अतिथियों को ई-आमंत्रण पत्र भेजे जाएंगे, जो उनके मोबाइल पर व्हाट्सएप के माध्यम से उपलब्ध कराए जाएंगे।
जिला प्रशासन ने समारोह को तकनीक से जोड़ते हुए मुख्य कार्यक्रम का वेबकास्ट और सोशल मीडिया पर लाइव प्रसारण कराने का निर्णय लिया है। इसकी पूरी जिम्मेदारी जिला सूचना एवं विज्ञान पदाधिकारी को दी गई है।
बैठक में यह भी तय किया गया कि सभी सरकारी कार्यालयों में निर्धारित समय पर झंडोत्तोलन कार्यक्रम आयोजित होंगे। वहीं, मुख्य समारोह के बाद अधिकारियों द्वारा विभिन्न महादलित टोला एवं गांवों में आयोजित झंडोत्तोलन कार्यक्रमों में भी भाग लिया जाएगा।
राजेंद्र स्टेडियम एवं अन्य सरकारी कार्यालयों में राष्ट्रगान की व्यवस्था सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी जिला शिक्षा पदाधिकारी को सौंपी गई है। वहीं, मुख्य समारोह में जिले के विभिन्न विभागों की उपलब्धियों पर आधारित भाषण तैयार करने का दायित्व जिला जनसंपर्क पदाधिकारी तथा विशेष कार्य पदाधिकारी, जिला गोपनीय शाखा, सारण को दिया गया है।
इसके अलावा मुख्य समारोह स्थल, शहर के प्रमुख चौक-चौराहों और महापुरुषों की प्रतिमाओं की साफ-सफाई एवं आकर्षक सजावट सुनिश्चित करने के लिए नगर आयुक्त, छपरा नगर निगम को निर्देश दिए गए हैं।
बैठक में वरीय पुलिस अधीक्षक सारण विनीत कुमार, जिला स्तरीय अधिकारी तथा परामर्शदात्री समिति के सदस्य उपस्थित रहे। जिला प्रशासन ने सभी संबंधित विभागों को समयबद्ध तरीके से तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए हैं।










