स्पोर्ट्स डेस्क: भारत और जिम्बाब्वे के बीच तीन मैचों की टी20 सीरीज 23 जुलाई से हरारे में शुरू होने जा रही है। युवा खिलाड़ियों से सजी भारतीय टीम 23, 25 और 26 जुलाई को मैदान में उतरेगी। हालांकि, इस बार क्रिकेट प्रशंसकों के लिए बड़ा बदलाव यह है कि मुकाबलों की लाइव स्ट्रीमिंग JioHotstar या Sony LIV पर उपलब्ध नहीं होगी।
मोबाइल पर मैच देखने के लिए खरीदना होगा पास
सीरीज के डिजिटल प्रसारण अधिकार FanCode के पास हैं। ऐसे में मोबाइल, टैबलेट या लैपटॉप पर लाइव मैच देखने के लिए दर्शकों को अलग से मैच पास या सब्सक्रिप्शन लेना होगा। एक मैच का पास आमतौर पर 35 से 50 रुपये के बीच हो सकता है, जबकि अलग-अलग इवेंट्स के लिए पास 19 से 99 रुपये तक उपलब्ध हैं। वहीं, FanCode का मासिक पास करीब 199 रुपये का है।
टीवी पर यहां देख सकेंगे लाइव मुकाबले
टीवी दर्शकों के लिए अच्छी खबर है कि भारत-जिम्बाब्वे टी20 सीरीज का सीधा प्रसारण Unite8 Sports Network के विभिन्न चैनलों पर किया जाएगा। हाल ही में इसी नेटवर्क ने फीफा विश्व कप 2026 के मुकाबलों का भी प्रसारण किया था।
भारतीय टीम
कप्तान: श्रेयस अय्यर
उपकप्तान: तिलक वर्मा
स्क्वाड: वैभव सूर्यवंशी, अभिषेक शर्मा, ईशान किशन (विकेटकीपर), प्रभसिमरन सिंह (विकेटकीपर), शिवम दुबे, सूर्यांश शेडगे, रिंकू सिंह, रवि बिश्नोई, हर्ष दुबे, प्रिंस यादव, यश ठाकुर, अशोक शर्मा और मयंक यादव।
23 जुलाई से शुरू होने वाली इस सीरीज में भारतीय टीम के युवा सितारों पर सभी की निगाहें रहेंगी, जबकि फैंस को इस बार लाइव स्ट्रीमिंग के लिए अतिरिक्त खर्च भी करना पड़ेगा।










