छपरा: सारण जिले के छपरा शहर में अपराधियों ने सोमवार को एक सनसनीखेज वारदात को अंजाम देते हुए चर्चित अधिवक्ता डबल मर्डर केस के मुख्य गवाह पंकज कुमार यादव की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना से पूरे इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, अपराधियों ने पंकज कुमार यादव पर ताबड़तोड़ फायरिंग की, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। इस हमले में उनके छोटे भाई मनीष यादव भी गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें पहले स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी नाजुक स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए पटना के पीएमसीएच रेफर कर दिया गया।
बताया जा रहा है कि पंकज कुमार यादव चर्चित अधिवक्ता डबल मर्डर केस के मुख्य गवाह थे। ऐसे में इस हत्याकांड को उसी मामले से जोड़कर भी देखा जा रहा है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।
दिनदहाड़े हुई इस हत्या ने एक बार फिर शहर की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है और अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।










