News4Bihar | सारण | इसुआपुर प्रखंड के विभिन्न पंचायतों में रविवार को पंचायत विकास दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया। इस अवसर पर पंचायत प्रतिनिधियों, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों तथा ग्रामीणों की उपस्थिति में विकास योजनाओं की समीक्षा की गई। कार्यक्रम में पंचायत के समग्र विकास, स्वच्छता, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, सड़क, आवास तथा अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर विस्तार से चर्चा हुई। प्रखंड विकास पदाधिकारी इंजीनियर सत्यम सिंह ने कहा कि पंचायतों के सर्वांगीण विकास में जनभागीदारी की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने ग्रामीणों से सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने तथा विकास कार्यों में सहयोग करने की अपील की गई। साथ ही पंचायतों को आत्मनिर्भर, स्वच्छ एवं समृद्ध बनाने के लिए सभी को मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया गया। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों ने पंचायत के सतत विकास और पारदर्शी कार्यप्रणाली के लिए सामूहिक रूप से सहयोग करने का संकल्प दोहराया। रामपुर अटौली पंचायत में मुखिया धनंजय पांडेय, सरपंच संजय ओझा, पंचायत सचिव समरजीत कुमार ठाकुर,लौवां सरकार भवन में मुखिया संगीता देवी, लेखपाल शैलेश कुमार, इसुआपुर पंचायत भवन में मुखिया शहवार खातून, पंचायत सचिव रविकांत कुमार,डटरा पुरसौली पंचायत भवन में मुखिया अजय राय, डाटा एंट्री ऑपरेटर धीरेंद्र कुमार मिश्रा, आतानगर पंचायत में मुखिया पूनम देवी, तकनीकी सहायक विकास कुमार, कुणाल कुमार सिंह के साथ रामचौरा, सहवां, जयथर, छपियां, केरवां, चकहन, अगौथर सुंदर तथा निपनिया पंचायतों में भी कार्यक्रम आयोजित किए गए थे।










