सारण में भीषण गर्मी का असर: आठवीं तक के सभी स्कूल 30 मई तक बंद, डीएम ने जारी किया आदेश

News4Bihar | सारण जिले में लगातार बढ़ रही भीषण गर्मी और लू के खतरे को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। बच्चों के स्वास्थ्य और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने बड़ा फैसला लिया है।

 

जारी आदेश के अनुसार जिले के सभी सरकारी एवं निजी विद्यालयों में आठवीं कक्षा तक की शैक्षणिक गतिविधियों पर 30 मई तक रोक लगा दी गई है। वहीं, आठवीं से ऊपर की कक्षाओं के संचालन के लिए भी समय सीमा निर्धारित की गई है। प्रशासन के निर्देशानुसार उच्च कक्षाओं की पढ़ाई सुबह से लेकर केवल 11 बजे तक ही संचालित होगी।

 

डीएम ने सभी विद्यालय प्रबंधन को सख्त निर्देश देते हुए कहा है कि बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। स्कूलों में पेयजल, प्राथमिक उपचार और गर्मी से बचाव के आवश्यक इंतजाम सुनिश्चित करने को भी कहा गया है।

 

इधर लगातार बढ़ते तापमान और लू की स्थिति को देखते हुए अभिभावकों से अपील की गई है कि वे बच्चों को अनावश्यक रूप से धूप में बाहर न निकलने दें, पर्याप्त मात्रा में पानी पिलाएं और स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखें।

 

जिला प्रशासन का यह कदम बच्चों को भीषण गर्मी के प्रभाव से सुरक्षित रखने के उद्देश्य से उठाया गया है।