राम जन्मोत्सव पर महेश छपरा में सजी भव्य भजन संध्या, भक्ति रस में डूबा मशरक

News4Bihar :राम जन्मोत्सव के पावन अवसर पर शुक्रवार को मशरक प्रखंड के महेश छपरा में भव्य भजन संध्या का आयोजन किया गया, जहां श्रद्धा, भक्ति और लोक संस्कृति का अद्भुत संगम देखने को मिला। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु जुटे और देर रात तक भक्ति रस में डूबे रहे।

 

इस आयोजन का नेतृत्व पटना उच्च न्यायालय के वरिष्ठ अधिवक्ता सुरेश प्रसाद सिंह एवं दंत चिकित्सक कुमार आशुतोष कुमार सिंह ने किया, जबकि मंच संचालन अधिवक्ता चंद्रशेखर सिंह ने किया। आयोजन समिति के अध्यक्ष डॉ. कमलेश प्रसाद सिंह (बिहार पशु चिकित्सक संघ) ने बताया कि इस भव्य आयोजन की परंपरा वर्ष 1933 में स्वर्गीय रामदेव सिंह द्वारा शुरू की गई थी, जो पिछले 94 वर्षों से निरंतर जारी है।

 

कार्यक्रम की शुरुआत रामचरितमानस के सस्वर पाठ से हुई, जिसके बाद प्रदेश के प्रसिद्ध लोक गायकों ने अपनी प्रस्तुति से माहौल को भक्तिमय बना दिया। भजन गायक मनन गिरी ‘मधुकर’ ने “जो प्रेम गली में आए नहीं…”, “हम तेरे शहर में आए हैं…” और “चैता में राम जी के भईले जनमवा…” जैसे भजनों से श्रोताओं को भावविभोर कर दिया। वहीं भजन गायिका सुश्री रेणु राज साह ने “अयोध्या में राम जी के जनम भयो…” और “हम तोहसे पुछिले कौशल्या रनिया…” जैसे मधुर भजनों से सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया।

 

इसके अलावा लोक गायिका एवं पूर्व जिलापार्षद सुश्री पुष्पा सिंह की प्रस्तुति पर श्रोता झूम उठे। कार्यक्रम में विधायक जनक सिंह, जिलापार्षद छबिनाथ सिंह, डॉ. प्रियंका सिंह, सीताराम सिंह, इंजीनियर विशेश्वर नारायण सिंह, आदित्य कुमार, इंजीनियर कुमार अभिजीत, इंजीनियर ऋतुराज सिंह, कामेश्वर सिंह, बिट्टू कुमार सिंह, अभिषेक कुमार, अभिनंदन सिंह, राजीव सिंह, शशि भूषण सिंह समेत कई जनप्रतिनिधि और गणमान्य लोग मौजूद रहे।

पूरे आयोजन के दौरान “जय श्रीराम” के जयघोष से वातावरण गुंजायमान रहा और क्षेत्र में भक्ति की गूंज देर रात तक सुनाई देती रही। 🚩🙏