News4Bihar / इसुआपुर: प्रखंड के चांद पूरा पश्चिम टोला मे स्थित देवी मंदिर परिसर में शुक्रवार को जलभरी के साथ अखंड अष्टयाम का भव्य शुभारंभ हुआ। धार्मिक आस्था और उत्साह से ओतप्रोत इस आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया।

यज्ञ मंडप से शुरू हुई जलभरी यात्रा में श्रद्धालुओं ने पदयात्रा कर विधिवत जलभरी की। इस दौरान हाथी-घोड़े, गाजे-बाजे से सजी भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसने पूरे क्षेत्र को भक्तिमय माहौल में रंग दिया।
हजारों की संख्या में महिलाएं, कन्याएं और पुरुष श्रद्धालु सिर पर कलश लेकर “जय श्रीराम”, “हर-हर महादेव” और “जय बजरंगबली” के जयघोष करते हुए गांव की परिक्रमा करते हुए मंदिर परिसर पहुंचे।
मंदिर स्थल पर आचार्य जगरनाथ उपाध्याय के वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच यज्ञ का शुभारंभ कराया गया। इस अवसर पर मुख्य यजमान के रूप में मदन राम डीलर एवं उनकी धर्मपत्नी रामकली देवी उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम के व्यवस्थापक राजद सचिव राकेश राम ने बताया कि हर साल पूरे भक्ति भाव से अष्टयाम का आयोजन किया जाता है।
जलभरी यात्रा में प्रखंड प्रमुख मितेंद्र प्रसाद यादव, जिला पार्षद छविनाथ सिंह मुखिया अजय राय, मुखिया प्रतिनिधि रोहित कुमार, जेडीयू नेता अनवर हुसैन, न्यूज4बिहार के सीईओ धर्मेन्द्र कुमार, विश्वजीत चौहान, ई० यश प्रताप, मंजीत यादव, लुकमान अली, संतोष तिवारी दिना राम हरिमोहन राम सहित कई जनप्रतिनिधि और गणमान्य लोग मौजूद रहे।










