केसरिया रंग में रंग रहा कटिहार, सीमांचल का “अयोध्या” बनता शहर 

News4Bihar: सीमांचल का जिला कटिहार इन दिनों पूरी तरह भगवामय नजर आ रहा है। रामनवमी को लेकर शहर का चप्पा-चप्पा केसरिया ध्वज से पट चुका है। हालात ऐसे हैं कि हर गली, हर चौक और हर सड़क मानो रामभक्ति में डूबी हुई दिखाई दे रही है। यही वजह है कि रामनवमी के आयोजन के मामले में कटिहार को सीमांचल का “अयोध्या” कहा जाता है। इस बार की तैयारी और भी भव्य बताई जा रही है। आयोजकों के अनुसार पूरे शहर को करीब एक लाख गुजराती केसरिया ध्वजों से सजाया जा रहा है। खास बात यह है कि ये झंडे गुजरात से मंगवाए गए हैं जिनकी चमक और रंगत अलग ही माहौल बना रही है। रामनवमी में अभी समय है लेकिन तैयारियां एक महीने पहले से ही जोरों पर हैं। शहर में निकलने वाली भव्य शोभायात्रा को लेकर भी खास प्लानिंग की जा रही है। अलग-अलग इलाकों में झांकियों के जरिए धार्मिक, सामाजिक और सांस्कृतिक संदेश देने की तैयारी है। बजरंग दल और विश्व हिंदू परिषद से जुड़े कार्यकर्ता दिन-रात इस आयोजन को सफल बनाने में जुटे हैं। बजरंग दल और विश्व हिंदू परिषद से जुड़े प्रीतम प्रताप सिंह का कहना है कि इस बार रामनवमी पर कुछ अलग और खास देखने को मिलेगा जो पहले कभी नहीं हुआ। वहीं राणा सोनी बताते हैं कि झांकियों के माध्यम से समाज को कई सकारात्मक संदेश दिए जाएंगे। पवन पोद्दार के अनुसार संगठन के कार्यकर्ता एक महीने पहले से ही तैयारी में लग जाते हैं ताकि आयोजन भव्य और यादगार बन सके। कुल मिलाकर कटिहार में रामनवमी सिर्फ एक त्योहार नहीं बल्कि आस्था, उत्साह और एकजुटता का प्रतीक बन चुकी है। जैसे-जैसे तारीख नजदीक आ रही है वैसे-वैसे शहर का रंग और भी गहरा होता जा रहा है। हर तरफ सिर्फ “जय श्री राम” की गूंज सुनाई दे रही है।