इसुआपुर में अपहृत जुड़वा नाबालिग बहनें बरामद, पुलिस दबिश के बाद मंदिर से मिलीं दोनों

   News4Bihar | इसुआपुर। स्थानीय थाना क्षेत्र के अगौथर नंदा गांव से कथित रूप से अपहृत दो नाबालिग जुड़वा बहनों को पुलिस ने सकुशल बरामद कर लिया है। इस मामले में अपहृत किशोरियों की मां के आवेदन पर इसुआपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई थी।

प्राथमिकी में गांव के ही श्रीभगवान राम के पुत्र अभिषेक कुमार तथा मढ़ौरा थाना क्षेत्र के बड़दहियां गांव निवासी बलिराम राम के पुत्र आदित्य कुमार पर शादी की नीयत से दोनों बच्चियों के अपहरण का आरोप लगाया गया था।

मामले के दर्ज होने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए लगातार दबिश दी। इसके बाद दोनों सगी बहनों को गांव के एक मंदिर से सकुशल बरामद कर लिया गया।

बरामदगी के बाद बुधवार को दोनों बहनों को न्यायालय में बयान दर्ज कराने के लिए धारा 164 के तहत छपरा कोर्ट ले जाया गया।

इस संबंध में इसुआपुर थानाध्यक्ष कमल राम ने बताया कि पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।