News4Bihar | इसुआपुर । प्रखंड के गम्हरियां गांव स्थित महावीर स्टेडियम खेल मैदान में मंगलवार की रात स्वर्गीय रघु सिंह प्रीमियर लीग नाइट क्रिकेट टूर्नामेंट फुल बाउंड्री फाइनल मैच मुकाबले में स्टूडेंट क्रिकेट क्लब गम्हरियां की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम कर लिया। मैच का उद्घाटन स्थानीय मुखिया प्रतिनिधि शिक्षक धनंजय कुमार साह ने टॉस उछालकर किया। टॉस जीतकर गम्हरियां की टीम ने पहले क्षेत्ररक्षण का निर्णय लिया। वहीं
पहले बल्लेबाजी करते हुए सहवां क्रिकेट क्लब की टीम निर्धारित 12 ओवर में 119 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। लक्ष्य का पीछा करने उतरी गम्हरियां की टीम ने आक्रामक खेल का प्रदर्शन करते हुए 12 वें ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर लक्ष्य को हासिल कर लिया। विजेता टीम के कप्तान संतोष सिंह ने बेहतर प्रदर्शन करते हुए चार विकेट लेकर सहवां की टीम की कमर तोड़ दी। विजेता टीम के आयुष कुमार सिंह को ट्रॉफी देकर मैन ऑफ द सीरीज तथा मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार प्रदान किया गया। वहीं विजेता टीम के कप्तान संतोष सिंह को आयोजक पूर्व मुखिया हरेंद्र सिंह के पुत्र सुधांशु सिंह ने विजेता कप के साथ 11 हजार रुपए नगद राशि देकर सम्मानित किया। वहीं उपविजेता टीम सहवां के कप्तान मिथिलेश कुमार को आयोजक सुधांशु सिंह ने उपविजेता कप के साथ 2500 रुपये नगद पुरस्कार देकर प्रोत्साहित किया।
मैच में कमेंट्री अंजनी श्रीवास्तव तथा विकास प्रजापति ने की। जबकि स्कोरर की भूमिका आशीष कुमार ने निभाई। अंपायर के रूप में अभय सिंह और एमडी अली थे। इस मौके पर मुख्य अतिथि जिला पार्षद छविनाथ सिंह, अर्जुन सिंह, हाई कोर्ट दिल्ली के अधिवक्ता विवेक राज सिंह, गीता सागर राम,बीडीसी प्रतिनिधि हरेराम राम, अनिल सिंह, सुनील सिंह, सक्षम कुमार, सूरज कुमार, रंजीत यादव,कुंदन सिंह सहित अन्य गणमान्य लोगों ने खिलाड़ियों को मेडल प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया।










