गांव में सामाजिक बदलाव की पहल, ग्रामीणों ने मृत्युभोज का किया सामूहिक बहिष्कार

     News4Bihar | इशुआपुर (संवाद सूत्र):प्रखंड क्षेत्र के केरवा पंचायत अंतर्गत वार्ड नंबर 4 स्थित परसा गांव में रविवार को सामाजिक जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ग्रामीणों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता सामाजिक कार्यकर्ता अशोक कुमार यादव ने की।

बैठक में उपस्थित ग्रामीणों ने सर्वसम्मति से समाज में प्रचलित मृत्युभोज (तेरहवीं भोज) की परंपरा का सामाजिक बहिष्कार करने का संकल्प लिया। इस दौरान लोगों ने कहा कि मृत्युभोज की परंपरा के कारण गरीब परिवारों पर अनावश्यक आर्थिक बोझ पड़ता है, जिसके कारण कई बार उन्हें कर्ज तक लेना पड़ता है।

ग्रामीणों ने यह भी कहा कि समाज में दिखावे की इस परंपरा को समाप्त करना समय की मांग है। बैठक में यह निर्णय लिया गया कि अब गांव में किसी भी परिवार पर मृत्युभोज आयोजित करने का दबाव नहीं बनाया जाएगा।

साथ ही सभी ग्रामीणों ने इस सामाजिक पहल का समर्थन करते हुए इसे सफल बनाने का संकल्प लिया और समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की दिशा में मिलकर काम करने की बात कही।