● चकहन पंचायत में संतोष सिंह और गीता देवी के बीच होगा मुकाबला, 18 मार्च को होगी मतगणना
इसुआपुर (सारण): प्रखंड में चल रहे पैक्स अध्यक्ष एवं कार्यकारी सदस्यों के चुनाव को लेकर नामांकन प्रक्रिया के अंतिम दिन गतिविधियां तेज रहीं। इसुआपुर में विभिन्न पंचायतों से अध्यक्ष पद के लिए कुल तीन अभ्यर्थियों ने नामांकन पत्र दाखिल किया।
सहवां पंचायत पैक्स अध्यक्ष पद के लिए अंतिम दिन केवल पंकज कुमार सिंह ने नामांकन किया। एकमात्र प्रत्याशी होने के कारण उनका निर्विरोध चुना जाना लगभग तय माना जा रहा है।
वहीं चकहन पंचायत पैक्स अध्यक्ष पद के लिए निवर्तमान अध्यक्ष संतोष कुमार सिंह तथा परिवर्तनकारी प्रारंभिक शिक्षक संघ के प्रखंड अध्यक्ष अशोक कुमार सिंह की धर्मपत्नी गीता देवी ने नामांकन दाखिल किया है। इस पंचायत में दोनों उम्मीदवारों के बीच चुनावी मुकाबला होने की संभावना है।
इसके अलावा सहवां पैक्स में कार्यकारी सदस्य के 11 पदों के लिए भी एक-एक उम्मीदवार ने नामांकन पत्र दाखिल किया है। ऐसे में इन सभी सदस्यों का भी निर्विरोध चयन तय माना जा रहा है।
सूत्रों के अनुसार सहवां पैक्स अध्यक्ष और कार्यकारिणी के सभी 11 सदस्यों के निर्विरोध चयन में प्राथमिक कृषि सहयोग समिति लिमिटेड इसुआपुर के अध्यक्ष सह निपनिया पंचायत पैक्स अध्यक्ष राजेश कुमार सिंह की भूमिका अहम मानी जा रही है।
निर्वाची पदाधिकारी सह बीडीओ इंजीनियर सत्यम कुमार सिंह ने बताया कि नामांकन प्रक्रिया 6 और 7 मार्च को संपन्न हुई है। 9 मार्च को नामांकन पत्रों की स्क्रूटनी एवं नाम वापसी की प्रक्रिया होगी, जबकि 18 मार्च को मतगणना कराई जाएगी।
खास बातें (हाइलाइट):
- सहवां पैक्स अध्यक्ष पद के लिए केवल पंकज कुमार सिंह ने किया नामांकन
- सहवां में 11 कार्यकारी सदस्य भी निर्विरोध चुने जाएंगे
- चकहन पंचायत में संतोष कुमार सिंह बनाम गीता देवी के बीच मुकाबला
- 9 मार्च को स्क्रूटनी व नाम वापसी, 18 मार्च को मतगणना










