News4Bihar | Katihar | कटिहार की ये कहानी किसी फिल्मी स्क्रिप्ट से कम नहीं जहां इंस्टाग्राम पर शुरू हुआ प्यार कुछ ही दिनों में ब्लैकमेल के जाल में बदल गया। मनिहारी थाना क्षेत्र की एक युवती की दोस्ती सोशल मीडिया पर एक युवक से हुई। मीठी-मीठी बातें, प्यार के वादे और भरोसे का ऐसा माहौल बना कि दोनों के बीच निजी फोटो और वीडियो तक साझा हो गए। लेकिन कहानी में ट्विस्ट तब आया जब युवक ने शादी का प्रस्ताव रखा और युवती ने साफ इनकार कर दिया। आरोप है कि “ना” सुनते ही आशिक का प्यार गुस्से में बदल गया। उसने निजी तस्वीरें वायरल करने की धमकी दी और शादी के लिए दबाव बनाने लगा। ड्रामा अपने चरम पर तब पहुंचा जब युवक शेरवानी पहनकर बारात के साथ कटिहार के दुर्गा मंदिर में आ धमका… मानो फिल्मी अंदाज में दूल्हा बनकर दुल्हन को लेने आया हो। शायद उसे लगा कि प्यार के नाम पर दबाव बनाकर वह शादी कर ही लेगा लेकिन उसकी स्क्रिप्ट में पुलिस की एंट्री बाकी थी। युवती ने डरने के बजाय समझदारी दिखाई और तुरंत नगर थाना पुलिस को सूचना दे दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शेरवानी पहने “दूल्हे” का सारा रोमांस उतारते हुए उसे हिरासत में ले लिया। युवती की लिखित शिकायत पर ब्लैकमेलिंग, धमकी और जबरन शादी का दबाव डालने के आरोप में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सोशल मीडिया पर फर्जी पहचान और प्यार का झांसा देकर निजी पलों को हथियार बनाने के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। इसलिए ऑनलाइन रिश्तों में सतर्कता बेहद जरूरी है। कटिहार की यह घटना एक सख्त संदेश भी देती है सोशल मीडिया का इश्क जितना चमकदार दिखता है उतना ही खतरनाक भी हो सकता है। इस बार “इंस्टाग्राम वाला प्यार” मंडप तक नहीं सीधे कानून के दरवाजे पर पहुंचकर खत्म हो गया।










