News4Bihar | Katihar | कटिहार स्वास्थ्य विभाग से जुड़ी एक बड़ी खबर सामने आई है, जहां सदर अस्पताल में कथित तौर पर दलाली करने के आरोप में प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है। नगर थाना में मामला दर्ज होने के बाद पुलिस ने दो आशा कर्मियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है जबकि कुल दस के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। मामले की पुष्टि करते हुए एसपी शिखर चौधरी ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों द्वारा दिए गए आवेदन के आधार पर यह कार्रवाई की गई है। आरोप है कि कुछ आशा कर्मी मरीजों से अवैध रूप से पैसे लेकर उन्हें सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित कर रहे थे। दरअसल तीन दिन पहले जिला अधिकारी ने सदर अस्पताल का औचक निरीक्षण किया था। निरीक्षण के दौरान अस्पताल की लचर व्यवस्था पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने कई जरूरी निर्देश दिए थे। इसी दौरान अस्पताल परिसर में दलाली की शिकायतें सामने आई जिसके बाद वरीय स्वास्थ्य अधिकारियों को तुरंत सख्त कदम उठाने का आदेश दिया गया। जांच के दौरान आरोपों को गंभीर मानते हुए दस आशा कर्मियों पर मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने तेजी दिखाते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया जबकि अन्य की भूमिका की भी जांच जारी है। प्रशासन की इस कार्रवाई से अस्पताल में हड़कंप मच गया है। अधिकारियों का कहना है कि मरीजों के अधिकारों से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा और आगे भी ऐसी गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जाएगी।










