इसुआपुर (सारण)। “पीड़ित मानवता की सेवा करना ही पुत्र द्वारा अपने पिता के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है।” यह बातें महाराजगंज के सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल ने इसुआपुर प्रखंड के रामपुर अटौली गांव में आयोजित निःशुल्क मेगा स्वास्थ्य शिविर के दौरान कही। अवसर था राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित आर्थोपेडिक चिकित्सक डॉ. अमरेश कुमार द्वारा अपने पिता की तृतीय पुण्यतिथि पर आयोजित सेवा शिविर का।
मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित करते हुए सांसद सिग्रीवाल ने डॉ. अमरेश कुमार को उनके पिता के पुण्य कर्मों का सच्चा प्रतिफल बताया। उन्होंने कहा कि समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े जरूरतमंदों की सेवा ही वास्तविक श्रद्धांजलि है। इस दौरान उन्होंने केंद्र की आयुष्मान भारत योजना की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत दुनिया का पहला देश है जहां गरीब मरीजों को इस योजना के तहत पांच लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज मिलता है। साथ ही 70 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के वृद्धजनों को आय की परवाह किए बिना आयुष्मान कार्ड के माध्यम से निःशुल्क इलाज की सुविधा दी जा रही है।
भावुक हुए डॉ. अमरेश कुमार
कार्यक्रम के आयोजक डॉ. अमरेश कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि पिता की पुण्य स्मृति में गरीब और लाचार लोगों की सेवा कर उन्हें आत्मिक शांति और सुकून मिलता है। उन्होंने कहा कि आगे भी इस तरह के सेवा कार्य निरंतर जारी रहेंगे।
विशेषज्ञ डॉक्टरों ने दी सेवाएं
शिविर में विभिन्न रोगों के विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा सैकड़ों मरीजों का निःशुल्क जांच एवं परामर्श किया गया। बीएमडी, यूरिक एसिड, विटामिन डी3, न्यूरोपैथी, बीपी, शुगर, हीमोग्लोबिन, ईसीजी, पीएफटी, एलएफटी, टेंस, आईएफटी समेत कई अत्याधुनिक जांचें मुफ्त में की गईं। साथ ही अल्ट्रासोनिक थेरेपी की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई और जरूरतमंद मरीजों के बीच निःशुल्क दवाओं का वितरण किया गया।
शिविर में पूर्व विधायक मुंद्रिका प्रसाद राय, डॉ. सुधांशु रंजन, जिला पार्षद छविनाथ सिंह, पूर्व मुखिया राज किशोर सिंह, पैक्स अध्यक्ष राजेश राय, शिक्षक नरेश राम, बीरबल कुशवाहा, डॉ. विजय किशोर प्रसाद, सुनील शास्त्री, बीडीसी सुरेंद्र राम, सरपंच संजय ओझा, मिथिलेश पांडेय सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन मालिक सिंह ने किया।
ग्रामीणों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के स्वास्थ्य शिविर ग्रामीण क्षेत्रों के लिए बेहद लाभकारी साबित होते हैं और जरूरतमंदों को बड़ी राहत प्रदान करते हैं।










