Saran News : सारण DIG ने मशरक पुलिस इंस्पेक्टर को किया सस्पेंड, इस वजह से हुआ एक्शन।

News4Bihar: सारण जिले के मशरक अंचल के पुलिस निरीक्षक अशोक कुमार सिंह को निलंबित कर दिया गया है।

सारण क्षेत्र के पुलिस उप-महानिरीक्षक नीलेश कुमार ने कांड के अनुसंधान को प्रभावित करने के आरोप में उन पर कार्रवाई की है।

उल्लेखनीय हो कि कृष्णा सिंह द्वारा तरैया थाना कांड सं.-32/25 एवं 42/25 में मशरक अंचल के पुलिस निरीक्षक के विरूद्ध अनुसंधान को प्रभावित करने का आरोप लगाया गया।

इस आरोप की जांच अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, मढ़ौरा-02 से करायी गयी थी। जांचोपरांत पद का दुरूपयोग कर मनमाने ढंग से पर्यवेक्षण टिप्पणी निर्गत करना पाया गया।

तत्पश्चात पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) शिखर चौधरी द्वारा समर्पित प्रतिवेदन के आधार पर वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ. कुमार आशीष द्वारा मशरक अंचल के पुलिस निरीक्षक अशोक कुमार सिंह को निलंबित करते हुए लाइन हाजिर करने की अनुशंसा सारण क्षेत्र के पुलिस उप-महानिरीक्षक, सारण क्षेत्र छपरा से की गयी।

वरीय पुलिस अधीक्षक से प्राप्त अनुशंसा के आधार पर पुलिस उप-महानिरीक्षक नीलेश कुमार द्वारा‌ मशरक अंचल के पुलिस निरीक्षक अशोक कुमार सिंह को तत्काल प्रभाव से सामान्य जीवन यापन भत्ता पर निलंबित कर विभागीय कार्यवाही प्रारंभ किया गया है।

वरीय पुलिस अधीक्षक ने बताया कि सारण जिला पुलिस के द्वारा गलत कार्य करने वाले पुलिस पदाधिकारी एवं कर्मी के विरूद्ध कठोर कार्रवाई आगे भी की जायेगी तथा उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिस पदाधिकारी एवं कर्मी को पुरस्कृत किया जायेगा।

उल्लेखनीय हो कि सारण पुलिस द्वारा बेहतर पुलिसिंग एवं आम लोगों के साथ भयादोहन करने एवं रिश्वत लेने वाले पुलिस पदाधिकारी एवं कर्मियों पर लगातार कार्रवाई की जा रही है।

ऐसा इसलिए किया जा रहा है ताकि आम लोगों पर कानून व्यवस्था एवं पुलिस के प्रति भरोसा बढ़ सके। पुलिस पदाधिकारीयों पर निलंबन के साथ ही बर्खास्त की भी कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Comment