रिपोर्ट: मुकेश मुकेश
समस्तीपुर. दहेज की खातिर एक बेटी की हत्या कर दी गई. मामला समस्तीपुर जिले का है. समस्तीपुर सदर अनुमंडल क्षेत्र के खानपुर थाना क्षेत्र में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. विवाहिता के मायके वालों का आरोप है कि विवाहिता के ससुराल वालों के द्वारा दहेज का डिमांड किया जा रहा था,और नहीं देने पर उसकी गला दबाकर हत्या कर दी गई. मामला खानपुर थाना क्षेत्र के श्रीपुर गाहर गांव अंतर्गत वार्ड संख्या 9 का है.मृतिका की पहचान 22 वर्षीय सुलेखा कुमारी के रूप में की गई .घटना के बाद ससुराल वाले फरार हैं.
मिली जानकारी के मुताबिक 1 साल पूर्व श्रीपुर गाहर गांव के रहने वाले पप्पू कुमार के साथ सुलेखा की शादी हुई थी. परिजनों का आरोप है कि शादी के बाद लगातार विवाहिता पर दहेज के लिए दबाव बनाया जा रहा था.साथ ही दहेज में पलंग नहीं मिलने के कारण लगातार उसे प्रताड़ित किया जा रहा था. परिजनों ने ससुराल वालों पर आरोप लगाया है कि दहेज नहीं मिलने के कारण गला दबाकर उसकी हत्या कर दी गई.
जांच में जुटी पुलिस, पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का है इंतजार
परिजनों ने बताया कि ग्रामीणों के माध्यम से उन्हें जानकारी मिली. जिसके बाद सभी लोग मौके पर पहुंचे. इसकी सूचना खानपुर थाना को दी.जिसके बाद खानपुर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर कागजी प्रक्रिया पूरी की. जिसके बाद पोस्टमार्टम के लिए समस्तीपुर सदर अस्पताल भेज दिया. इस मामले में खानपुर थाना अध्यक्ष ने दूरभाष पर बताया कि परिजनों के द्वारा दिए गए आवेदन के आधार पर उचित कार्रवाई की जाएगी. साथ ही उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद यह स्पष्ट हो पाएगा कि यह हत्या है या फिर आत्महत्या.पोस्टमार्टम के बाद शव को परिजनों को सौंप दिया गया.
ब्रेकिंग न्यूज़ हिंदी में सबसे पहले पढ़ें News18 हिंदी| आज की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट, पढ़ें सबसे विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ वेबसाइट News18 हिंदी|
Tags: Bihar News in hindi, Samastipur news
FIRST PUBLISHED : February 22, 2023, 21:58 IST










