रिपोर्ट: अजहर खान
सिवनी: शहर के लखनादौन थाना क्षेत्र के पिठेरा आश्रम स्थित मां अन्नपूर्णा मंदिर में 4 नकाबपोशों ने मंदिर का ताला तोड़कर चोरी की बड़ी वारदात को अंजाम दिया. चोर मंदिर से दान पेटी समेत मंगलसूत्र व अन्य सोने-चांदी के आभूषण चुरा ले गए. चोरों ने मंदिर में स्थापित अन्य मूर्तियों पर चढ़ी माला को भी नहीं छोड़ा. चोरी की ये वारदात मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है.
वहीं आश्रम के पीठाधीश्वर ने चोरी की सूचना लखनादौन पुलिस को दी है. पुलिस ने मामला दर्ज कर फुटेज के आधार पर चोरों की तलाश शुरू कर दी है. सीसीटीवी फुटेज में नकाबपोश चोर कटर से मंदिर का ताला काट कर दाखिल होते नजर आ रहे हैं. फिर मंदिर के अंदर जाकर देवी प्रतिमा पर चढ़े सोने-चांदी के आभूषण और मंदिर की दानपेटी को चोरी करते हुए दिख रहे हैं.
4 से 5 तोले सोने के थे जेवरात
पीठाधीश्वर नारायण नंद महाराज ने बताया कि चोरों ने मंदिर में रखी दानपेटी तो चुराई ही, मां अन्नपूर्णा के जेवर व चरण पादुका भी ले गए. जेवरात करीब 4 से 5 तोले सोने के थे, जिसमें मंगल सूत्र, नथनी आदि थीं. बताया कि मंदिर की दानपेटी में भी लगभग 2 लाख से अधिक का कैश रहा होगा. घटना की एफआईआर मंदिर प्रबंध समिति द्वारा लखनादौन थाने में दर्ज कराई गई है.
फुटेज के आधार पर हो रही तलाश
वहीं लखनादौन थाने के इंचार्ज मनोज गुप्ता का कहना है कि चोरों ने बड़े ही शातिराना अंदाज में घटना को अंजाम दिया है. सीसीटीवी के आधार पर चोरों की पड़ताल की जा रही है. जल्द ही घटना का खुलासा होगा.
ब्रेकिंग न्यूज़ हिंदी में सबसे पहले पढ़ें News18 हिंदी| आज की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट, पढ़ें सबसे विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ वेबसाइट News18 हिंदी|
Tags: MP crime, Mp news, MP Police, Seoni news
FIRST PUBLISHED : February 23, 2023, 20:00 IST










