News4Bihar सारण। पानापुर के ठाकुरबाड़ी मंदिर में रविवार को प्रेम की एक अनोखी कहानी शादी के बंधन में बदल गई। बनियापुर की 23 वर्षीय युवती और पानापुर के 26 वर्षीय युवक पिछले करीब आठ-नौ वर्षों से एक-दूसरे से प्रेम करते थे। दोनों शादी करना चाहते थे, लेकिन परिवार की सहमति नहीं मिलने के कारण मामला लंबे समय से अटका हुआ था।
बताया जाता है कि मामला बिगड़ने के बाद पुलिस और पंचायत प्रतिनिधियों ने दोनों पक्षों के परिवारों से बातचीत कर उन्हें समझाया। समझाने-बुझाने के बाद दोनों परिवार शादी के लिए राजी हो गए।
इसके बाद पानापुर स्थित ठाकुरबाड़ी मंदिर में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच दोनों ने सात फेरे लिए और एक-दूसरे को वरमाला पहनाकर विवाह संपन्न किया। शादी के दौरान मंदिर परिसर में मौजूद लोगों ने नवविवाहित जोड़े को शुभकामनाएं और आशीर्वाद दिया।
इस शादी की खास बात यह रही कि पुलिसकर्मी और पंचायत प्रतिनिधि ही बराती और घराती की भूमिका में नजर आए। उन्होंने दोनों परिवारों की मौजूदगी में विवाह संपन्न कराने में सहयोग किया और नवविवाहित जोड़े के सुखमय वैवाहिक जीवन की कामना की।
लंबे समय से चल रहे प्रेम संबंध का परिवारों की सहमति से विवाह में बदलना क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।










