न्यूज4बिहार/दरभंगा। मिथिलांचल की खेल प्रतिभाओं को राष्ट्रीय स्तर की सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में दरभंगा में बड़ी पहल की जा रही है। ऐतिहासिक नेहरू स्टेडियम को करीब 200 करोड़ रुपये की लागत से अत्याधुनिक स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के रूप में विकसित करने की योजना तैयार की गई है। करीब 10 एकड़ जमीन में प्रस्तावित इस परियोजना के तहत क्रिकेट स्टेडियम समेत कई इंडोर और आउटडोर खेल सुविधाएं विकसित की जाएंगी।
प्रस्तावित क्रिकेट स्टेडियम को आधुनिक सुविधाओं से लैस किया जाएगा। यहां डे-नाइट मुकाबलों के लिए हाईमास्ट लाइट, हाइब्रिड टर्फ पिच और आधुनिक पवेलियन की व्यवस्था प्रस्तावित है। इसके साथ ही खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए परिसर में विभिन्न खेलों के लिए अलग-अलग सुविधाएं विकसित की जाएंगी।
एक ही परिसर में कई खेलों की सुविधाएं
परियोजना के तहत बनने वाले इंडोर मल्टीपरपज हॉल में स्विमिंग पूल, बॉक्सिंग, जूडो-रेसलिंग, बैडमिंटन, बास्केटबॉल, स्क्वैश और जिम जैसी सुविधाएं प्रस्तावित हैं। वहीं आउटडोर खेलों के लिए लॉन टेनिस, वॉलीबॉल और क्रिकेट खिलाड़ियों के लिए नेट प्रैक्टिस पिच की व्यवस्था भी योजना में शामिल है।
खिलाड़ियों की ट्रेनिंग पर भी रहेगा फोकस
अत्याधुनिक खेल परिसर में सिर्फ खेल सुविधाएं ही नहीं, बल्कि खिलाड़ियों की फिटनेस और प्रदर्शन को बेहतर बनाने के लिए स्पोर्ट्स साइंस, बायो-मैकेनिक्स और मेडिकल सुविधाएं भी विकसित की जाएंगी। इससे खिलाड़ियों को प्रशिक्षण के साथ-साथ वैज्ञानिक तरीके से अपनी फिटनेस और प्रदर्शन सुधारने में मदद मिलेगी।
बाहर से आने वाले खिलाड़ियों के लिए करीब 100 बेड का छात्रावास, गेस्ट हाउस और डाइनिंग हॉल भी प्रस्तावित है। इसके अलावा परिसर में मल्टीलेवल पार्किंग की सुविधा भी विकसित करने की योजना है।
मुख्यमंत्री के साथ बैठक में परियोजना की समीक्षा
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सह दरभंगा नगर विधायक संजय सरावगी ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के साथ लोक सेवक आवास स्थित संकल्प सभागार में हुई बैठक के दौरान प्रस्तावित क्रिकेट स्टेडियम और स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का प्रस्तुतीकरण देखा और परियोजना की समीक्षा की।
बैठक के बाद सरावगी ने कहा कि इस परियोजना के पूरा होने से मिथिलांचल की खेल प्रतिभाओं को अपने ही क्षेत्र में आधुनिक प्रशिक्षण और बेहतर संसाधन उपलब्ध हो सकेंगे। उन्होंने इसे दरभंगा को एक प्रमुख खेल केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
उन्होंने कहा कि आधुनिक खेल सुविधाएं विकसित होने से स्थानीय खिलाड़ियों की बड़े शहरों पर निर्भरता कम होगी और उन्हें राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने के बेहतर अवसर मिलेंगे।
यदि योजना निर्धारित रूप में आगे बढ़ती है तो आने वाले समय में ऐतिहासिक नेहरू स्टेडियम का स्वरूप पूरी तरह बदल सकता है और दरभंगा को मिथिलांचल के एक बड़े खेल हब के रूप में नई पहचान मिल सकती है।










