न्यूज4बिहार | इसुआपुर | प्रखंड कार्यालय के सभागार में सोमवार को पंचायत समिति की सामान्य बैठक प्रखंड प्रमुख मितेंद्र प्रसाद यादव की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं, विकास कार्यों और सरकारी योजनाओं की समीक्षा की गई। कई विभागों के पदाधिकारियों की अनुपस्थिति पर प्रमुख ने नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने का निर्देश दिया।
बैठक में शिक्षा, स्वास्थ्य, मनरेगा, राजस्व एवं भूमि सुधार, सांख्यिकी, विद्युत, जीविका, पशुपालन, कृषि सहित विभिन्न विभागों द्वारा संचालित जनहितकारी योजनाओं की बारी-बारी से समीक्षा की गई।
कृषि योजनाओं के प्रचार-प्रसार पर जोर
पंचायत समिति सदस्य नंदकिशोर राय ने कृषि विभाग की योजनाओं की जानकारी पंचायत स्तर तक पहुंचाने के लिए जागरूकता अभियान चलाने का प्रस्ताव रखा। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं की जानकारी मिलने से अधिक से अधिक पात्र लोगों को इसका लाभ मिल सकेगा।
वही मुखिया अजय राय ने कहा कि पंचायत समिति की बैठक प्रत्येक तीन माह में आयोजित होनी चाहिए, क्योंकि यह ग्रामीणों की जमीनी समस्याओं को प्रखंड स्तर पर रखने का महत्वपूर्ण संवैधानिक मंच है। उन्होंने विद्यालयों का निरीक्षण मध्याह्न भोजन के बाद भी कराने, हर घर नल का जल योजना को दोबारा प्रभावी बनाने तथा योजना की स्थिति की जांच के लिए कमेटी गठित करने का प्रस्ताव रखा।
विवाह भवन के NOC का मुद्दा भी उठा
बैठक के दौरान क्षेत्र में विवाह भवनों के NOC नहीं मिलने का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया। प्रखंड प्रमुख मितेंद्र प्रसाद यादव ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि लंबित मामलों की जांच कर नियमानुसार जल्द से जल्द पात्र विवाह भवनों को NOC उपलब्ध कराने की प्रक्रिया पूरी की जाए, ताकि लोगों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।
प्रमुख ने कहा कि जनहित से जुड़े मामलों को अनावश्यक रूप से लंबित नहीं रखा जाना चाहिए और संबंधित विभागों को समन्वय के साथ समयबद्ध कार्रवाई करनी चाहिए।
अगौथर में 100 केवीए ट्रांसफार्मर की मांग
पंचायत समिति सदस्य शमशेर आलम ने विद्युत विभाग के अभियंता के समक्ष अगौथर में 63 केवीए के ट्रांसफार्मर की जगह 100 केवीए का ट्रांसफार्मर लगाने की मांग रखी। उन्होंने क्षेत्र में बिजली आपूर्ति से जुड़ी समस्याओं के समाधान की मांग की।
अनुपस्थित पदाधिकारियों पर प्रमुख ने दिखाई सख्ती
बैठक में विभिन्न प्रस्तावों और जनसमस्याओं को दर्ज किए जाने के बाद प्रखंड प्रमुख मितेंद्र प्रसाद यादव ने पंचायत समिति की बैठक नियमित रूप से आयोजित कराने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि बैठक में उठाए गए जनहित के मुद्दों और प्रस्तावों पर जल्द विचार कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
वहीं, बैठक में अनुपस्थित रहे विभागीय पदाधिकारियों के संबंध में प्रमुख ने कारण बताओ नोटिस जारी करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि पंचायत समिति की बैठक में विभागीय पदाधिकारियों की मौजूदगी जरूरी है, ताकि जनप्रतिनिधियों द्वारा उठाई गई समस्याओं का मौके पर समाधान और विभागीय योजनाओं की प्रभावी समीक्षा हो सके।
बैठक में कार्यपालक पदाधिकारी सह बीडीओ सत्यम कुमार सिंह, सीओ शैलेन्द्र कुमार यादव सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी, पंचायत समिति सदस्य, मुखिया एवं अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।










