एक आंख की रोशनी खो चुके सदर बीडीओ दृष्टि पाठक से मिले डीएम वैभव श्रीवास्तव, दिया हरसंभव मदद का भरोसा

News4Bihar | सारण | उपद्रवियों के हमले में गंभीर रूप से घायल होकर अपनी एक आंख की रोशनी गंवा चुके सदर प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) दृष्टि पाठक से सारण के जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने पटना स्थित आईजीआईएमएस पहुंचकर मुलाकात की। डीएम ने बीडीओ के स्वास्थ्य की जानकारी ली और चिकित्सकों से उनके उपचार एवं स्वास्थ्य में हो रही प्रगति के संबंध में विस्तृत जानकारी प्राप्त की।

मुलाकात के दौरान जिलाधिकारी ने दृष्टि पाठक के परिजनों से भी बातचीत की और घटना पर गहरी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने परिवार को भरोसा दिलाया कि जिला प्रशासन इस मामले को बेहद गंभीरता से ले रहा है और घटना में शामिल किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।

डीएम वैभव श्रीवास्तव ने कहा कि हमले में शामिल सभी आरोपियों की पहचान कर उनके विरुद्ध कानून के तहत कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस तरह की घटना को किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

जिलाधिकारी ने बीडीओ दृष्टि पाठक और उनके परिवार को प्रशासन की ओर से हरसंभव सहयोग एवं सहायता का भरोसा दिलाया। इस दौरान उन्होंने चिकित्सकों से बेहतर इलाज सुनिश्चित करने को लेकर भी आवश्यक जानकारी ली।