रामनवमी पर सुरक्षा का सख्त पहरा: इसुआपुर में ग्रामीण एसपी के नेतृत्व में भव्य फ्लैग मार्च  

इसुआपुर (सारण):रामनवमी पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के उद्देश्य से गुरुवार को इसुआपुर बाजार में भव्य फ्लैग मार्च निकाला गया। यह फ्लैग मार्च छपरा के ग्रामीण एसपी संजय कुमार के नेतृत्व में आयोजित किया गया, जिसमें प्रशासन की सतर्कता साफ झलक रही थी।

फ्लैग मार्च पिपरहिया बाजार से शुरू होकर संढ़वारा बाजार होते हुए मसरख तक पहुंचा। इस दौरान पुलिस बल ने संवेदनशील इलाकों का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और आम लोगों में भरोसा कायम किया।

इस मौके पर मढ़ौरा की एसडीएम निधि राज, डीएसपी संजय कुमार सुधांशु, सर्किल इंस्पेक्टर इंद्रदेव महतो, थानाध्यक्ष कमल कुमार राम, अपर थानाध्यक्ष संग्राम सिंह, संजय शर्मा सहित बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी मौजूद रहे।

प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की कि वे पर्व को शांति, भाईचारे और आपसी सौहार्द के साथ मनाएं तथा किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें। साथ ही, किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने को कहा गया है।