□》देशभर में बदला मौसम का मिजाज, बिहार समेत कई राज्यों में आंधी-बारिश का अलर्ट
News4Bihar | पटना | बिहार में शुक्रवार को मौसम ने अचानक करवट ले ली। राजधानी पटना समेत खगड़िया, रोहतास, औरंगाबाद, कैमूर, सारण (छपरा) सहित करीब 20 जिलों में सुबह से ही आसमान में काले बादल छा गए और कई इलाकों में तेज आंधी के साथ बारिश हुई। हालात ऐसे रहे कि दिन में ही अंधेरा जैसा माहौल बन गया और लोगों को वाहन की लाइट जलाकर सफर करना पड़ा।
मौसम विभाग के अनुसार बिहार में अगले तीन दिनों तक मौसम इसी तरह बना रह सकता है। कई जिलों में तेज हवा, बारिश और वज्रपात की संभावना जताई गई है। बारिश और खराब मौसम से जुड़ी घटनाओं में अब तक राज्य में 5 लोगों की मौत की खबर सामने आई है।
वहीं मध्य प्रदेश में भी मौसम का दोहरा असर देखने को मिल रहा है। ग्वालियर, मुरैना, श्योपुर, निवाड़ी, टीकमगढ़ और छतरपुर जिलों में दिन के समय हीटवेव चलने की संभावना है, जबकि शाम होते-होते तेज बारिश और ओलावृष्टि हो सकती है।
उत्तर प्रदेश में भी भीषण गर्मी से राहत मिल रही है, लेकिन तेज आंधी और बारिश ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। शुक्रवार सुबह लखनऊ, प्रयागराज, झांसी और चंदौली में तेज तूफान और बारिश हुई। कई जगहों पर हवाओं की रफ्तार 100 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच गई।
हमीरपुर में तेज तूफान के कारण निर्माणाधीन पुल गिर गया, जिसमें 6 लोगों की मौत हो गई। वहीं लखनऊ रेलवे स्टेशन पर टिन शेड गिरने से 2 लोग घायल हो गए।
राजस्थान में भी मौसम विभाग ने 12 जिलों में बारिश और तेज आंधी की संभावना जताई है। प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है।










