इसुआपुर में खुला डी हब लाइफ स्टाइल मॉल, सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल ने किया उद्घाटन

इसुआपुर (सारण)। प्रखंड मुख्यालय स्थित इसुआपुर बाजार में बुधवार की शाम डी हब लाइफ स्टाइल शॉपिंग मॉल का भव्य उद्घाटन महाराजगंज के सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल ने फीता काटकर किया। इस मौके पर सांसद ने कहा कि क्षेत्र में बढ़ती व्यापारिक गतिविधियां और बेहतर होती जनसुविधाएं विकास का संकेत हैं।

उन्होंने कहा कि कोलकाता का प्रसिद्ध ब्रांड डी हब लाइफ स्टाइल अब इसुआपुर जैसे ग्रामीण बाजार में भी अपनी सेवाएं उपलब्ध करा रहा है। इससे इसुआपुर सहित आसपास के दर्जनों गांवों के लोगों को खरीदारी की बेहतर सुविधा मिलेगी। अब कपड़े और अन्य जरूरी सामानों की खरीदारी के लिए लोगों को छपरा या दूसरे बड़े बाजारों में जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। इससे समय और पैसे दोनों की बचत होगी।

सांसद ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘लोकल को वोकल’ के आह्वान का जिक्र करते हुए कहा कि स्थानीय स्तर पर बेहतर व्यापारिक प्रतिष्ठानों का खुलना इस सोच को मजबूती प्रदान करता है।

वहीं, मॉल के मुख्य प्रबंधक ने बताया कि महज डेढ़ वर्ष के अंदर डी हब लाइफ स्टाइल का यह 17वां प्रतिष्ठान है। उन्होंने कहा कि ग्राहकों की सुविधा और संतुष्टि को ध्यान में रखते हुए खरीदारी पर विशेष छूट के साथ आकर्षक उपहार भी दिए जाएंगे। प्रतिष्ठान का उद्देश्य उचित कीमत पर बेहतर गुणवत्ता के उत्पाद उपलब्ध कराना है।

उद्घाटन समारोह में डॉ. प्रतीक कुमार लाला, राजेश प्रताप सिंह मुन्ना, एमडी वारिस, बद्री नारायण सिंह, विजय राय, जयप्रकाश महतो, विमल सिंह, योगेंद्र सिंह, नवल ओझा, पिंटू सिंह सहित कई गणमान्य लोग और स्थानीय व्यवसायी मौजूद रहे।