इसुआपुर। प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न आंगनबाड़ी केंद्रों पर 29 सितंबर से 1 अक्टूबर तक पोषण अभियान के तहत आंगन मिलन सम्मान समारोह का आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम के माध्यम से गर्भवती महिलाओं, धात्री माताओं तथा बच्चों को पोषण और स्वास्थ्य से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दी जा रही हैं। इस दौरान आहार में विविधता बनाए रखने तथा प्रोटीन युक्त पोषक खाद्य पदार्थों को शामिल करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। आंगनबाड़ी केंद्रों पर मिलने वाले गर्म पक्का भोजन के महत्व के बारे में भी लाभुकों को जानकारी दी जा रही है। सेविकाओं द्वारा बच्चों के शारीरिक एवं मानसिक विकास के लिए संतुलित आहार और उचित देखभाल की आवश्यकता बताई जा रही है। कार्यक्रम में सामुदायिक भागीदारी को बढ़ावा देने के साथ प्रारंभिक बाल्यावस्था की देखभाल, शिक्षा एवं विकास से संबंधित विषयों पर भी जागरूक किया जा रहा है। वहीं गर्भवती महिलाओं को प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना के बारे में जानकारी देकर सुरक्षित मातृत्व के लिए उपलब्ध सुविधाओं और योजनाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। अधिकारियों एवं आंगनबाड़ी सेविकाओं ने कहा कि अभियान का उद्देश्य लोगों में पोषण के प्रति जागरूकता बढ़ाना और बच्चों व माताओं के स्वास्थ्य को बेहतर बनाना है।









