- बीडीओ को ज्ञापन सौंपकर नाम दोबारा जोड़ने की मांग, कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी
इसुआपुर। प्रधानमंत्री आवास योजना की नई सूची में बड़ी संख्या में नाम हटाए जाने का मामला सामने आया है। इसको लेकर मुखिया अजय राय ने मंगलवार को इसुआपुर के बीडीओ सत्यम सिंह को ज्ञापन सौंपकर हटाए गए पात्र लाभुकों के नाम दोबारा सूची में शामिल करने की मांग की।
मुखिया अजय राय के अनुसार, पंचायत से प्रधानमंत्री आवास योजना के लिए 1,310 नाम जोड़े गए थे, लेकिन अंतिम सूची में केवल 416 नाम ही शामिल किए गए। उनका कहना है कि 894 नाम किस आधार पर हटाए गए, इसकी स्पष्ट जानकारी लाभुकों को नहीं दी जा रही है।
मुखिया ने कहा कि सूची में नाम शामिल होने के बाद गरीब परिवारों को पक्का मकान मिलने की उम्मीद जगी थी, लेकिन नाम हटने से लाभुकों में निराशा है। उन्होंने पूरे मामले की पारदर्शी तरीके से दोबारा जांच कर पात्र लोगों के नाम सूची में शामिल करने की मांग की।
अजय राय ने कहा कि यदि मामले में शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई और पात्र लाभुकों के नाम नहीं जोड़े गए तो ग्रामीणों के साथ आंदोलन किया जाएगा।
अब सवाल यह है कि आखिर 1,310 नामों में से 894 नाम किन कारणों से सूची से बाहर हुए और इन लाभुकों को आवास योजना का लाभ कब मिलेगा?









