Breaking News : दो युवकों का विवाद, तीसरे की मौत।

सारण के मढ़ौरा से बड़ी खबर है। दो युवकों के विवाद में एक निर्दोष व्यक्ति की जान चली गई। आरोप है कि विवाद के बाद पहुंचे एक युवक ने ट्रैक्टर से 45 वर्षीय अशोक सिंह को कुचल दिया। घटना गौरा थाना क्षेत्र के सलिमापुर गांव की है। आरोप है कि मंगलवार की सुबह विभय कुमार और अमन कुमार के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ। लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत करा दिया। आरोप है कि इसके बाद विभय ने अपने भाई उज्ज्वल को फोन कर बुलाया।

उज्ज्वल ट्रैक्टर लेकर अशोक सिंह के दरवाजे पर पहुंचा और वहां मौजूद लोगों के बीच ट्रैक्टर घुमाने लगा। अफरातफरी के दौरान दरवाजे पर खड़े अशोक ट्रैक्टर की चपेट में आ गए। गंभीर हालत में उन्हें सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा है और गांव में मातमी सन्नाटा पसरा है।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच और आरोपित की तलाश में जुटी है।