नालसा ‘जागृति’ स्कीम के तहत जिला विधिक सेवा प्राधिकार, सारण में विधिक जागरूकता अभियान आयोजित

छपरा । राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार एवं बिहार राज्य विधिक सेवा प्राधिकार के तत्वावधान में।सोमवार को जिला विधिक सेवा प्राधिकार , सारण, छपरा के प्रांगण में नालसा जागृति स्कीम के अंतर्गत एक विशेष विधिक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

इस जागरूकता अभियान का नेतृत्व एवं संचालन जिला विधिक सेवा प्राधिकार, सारण के सचिव राजीव कुमार द्वारा किया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राजीव कुमार, सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकार, सारण ने नालसा ‘जागृति’ योजना के उद्देश्यों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि इस योजना का मुख्य उद्देश्य समाज के अंतिम पायदान पर खड़े वंचित, कमजोर एवं जरूरतमंद व्यक्तियों तक विधिक सहायता और सरकारी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ सुनिश्चित कराना है। न्याय पाने में आर्थिक तंगी अथवा जानकारी का अभाव किसी भी नागरिक के आड़े नहीं आना चाहिए।

सचिव महोदय ने उपस्थित पारा विधिक स्वयं सेवकों को संबोधित करते हुए कहा कि वे न्यायपालिका और आम जनता के बीच की सबसे मजबूत कड़ी हैं। उन्होंने सभी पीएलवी को निर्देश दिया कि वे सुदूर ग्रामीण एवं कस्बाई क्षेत्रों में जाकर आम नागरिकों को निःशुल्क कानूनी सहायता, लोक अदालत, मध्यस्थता तथा विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के बारे में विस्तार से जागरूक करें, ताकि समाज का कोई भी व्यक्ति अपने कानूनी अधिकारों से वंचित न रहे।

इस अवसर पर बड़ी संख्या में पारा विधिक स्वयं सेवक, विधिक सहायता एवं आम नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित प्रतिभागियों की जिज्ञासाओं एवं कानूनी प्रश्नों का समाधान भी किया गया।