सारण में लंबित मामलों पर DM सख्त, अधिकारियों को मिला त्वरित निष्पादन का निर्देश

  • सीडब्लूजेसी-एमजेसी से लेकर जनता दरबार की शिकायतों तक हुई समीक्षा, एक्सपायर आवेदन पर भी जताई नाराजगी

छपरा :  सारण जिला पदाधिकारी वैभव श्रीवास्तव की अध्यक्षता में सोमवार को जिला स्तरीय कोऑर्डिनेशन कमिटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों से जुड़े लंबित मामलों, शिकायतों, न्यायालयी प्रकरणों और प्रशासनिक निर्देशों के अनुपालन की विस्तृत समीक्षा की गई। डीएम ने संबंधित पदाधिकारियों को सभी मामलों का नियमानुसार और समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

बैठक में सबसे पहले सीडब्लूजेसी एवं एमजेसी मामलों की बिंदुवार समीक्षा की गई। जिला पदाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को न्यायालय से जुड़े मामलों में आवश्यक कार्रवाई करते हुए समय पर अनुपालन सुनिश्चित करने को कहा।

इसके बाद विभिन्न विभागों को प्राप्त पत्रों एवं निर्देशों के अनुपालन की स्थिति की समीक्षा हुई। डीएम ने स्पष्ट किया कि प्राप्त निर्देशों के अनुपालन में किसी भी स्तर पर अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए।

सीएम डैशबोर्ड की शिकायतों पर भी सख्ती

बैठक में सीएम डैशबोर्ड से प्राप्त शिकायतों एवं उनके विरुद्ध की गई कार्रवाई की समीक्षा की गई। अधिकारियों को शिकायतों का केवल औपचारिक निपटारा करने के बजाय गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।

वहीं, नकारात्मक समाचारों के मामलों में संबंधित पदाधिकारियों द्वारा समय पर रिस्पांस नहीं दिए जाने की स्थिति की भी समीक्षा की गई। डीएम ने ऐसे मामलों में त्वरित तथ्यात्मक प्रतिवेदन एवं आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।

जनता दरबार के लंबित मामलों का जल्द हो निष्पादन

जनता दरबार में प्राप्त शिकायतों एवं मामलों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को सभी मामलों में नियमानुसार कार्रवाई करने तथा लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।

बायोमैट्रिक अटेंडेंस पर भी नजर

बैठक में कर्मियों की बायोमैट्रिक उपस्थिति की समीक्षा की गई। आदतन अनुपस्थित रहने वाले कर्मियों के विरुद्ध पहले लीव डिडक्ट की कार्रवाई तथा इसके बाद नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया।

भू-विवादों की मांगी गई रिपोर्ट

डीएम ने सभी एसडीओ एवं एसडीपीओ को अपने-अपने क्षेत्रों से संबंधित प्रमुख भू-विवादों की रिपोर्ट उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। गंभीर एवं संवेदनशील भू-विवादों को चिह्नित कर उनके समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।

एक्सपायर आवेदन पर डीएम का स्पष्ट निर्देश

विभिन्न सेवाओं एवं आवेदनों से संबंधित एक्सपायर एप्लीकेशन की समीक्षा के दौरान जिला पदाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि किसी भी परिस्थिति में आवेदन एक्सपायर नहीं होना चाहिए। संबंधित पदाधिकारियों को आवेदनों के समयबद्ध निष्पादन की लगातार निगरानी करने का निर्देश दिया गया।

इसके अलावा बैठक में नीलाम पत्र वादों की स्थिति की भी समीक्षा की गई और संबंधित अधिकारियों को इनके नियमानुसार एवं समयबद्ध निष्पादन के लिए आवश्यक निर्देश दिए गए।

अंत में जिला पदाधिकारी ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को लंबित मामलों की नियमित समीक्षा कर प्राथमिकता के आधार पर उनका निष्पादन सुनिश्चित करने को कहा, ताकि आम लोगों को समय पर प्रभावी एवं बेहतर प्रशासनिक सेवाएं उपलब्ध हो सकें।