रमण सिंह/तरैया, सारण। तरैया-मढ़ौरा स्टेट हाईवे से प्रखंड मुख्यालय, रेफरल अस्पताल और थाना जाने वाली सड़क पर शुक्रवार की रात एक बड़ा हादसा टल गया। सड़क किनारे खड़ा सैकड़ों साल पुराना पेड़ टैंकर की टक्कर से क्षतिग्रस्त होकर सड़क पर जा गिरा। पेड़ का एक बड़ा हिस्सा सड़क पर गिरने से कुछ समय के लिए आवागमन प्रभावित रहा।
बताया जा रहा है कि गंडक नदी पर पुल निर्माण कार्य को लेकर इस मार्ग पर मालवाहक और भारी वाहनों का नियमित आवागमन हो रहा है। हाईवा जैसे बड़े और भारी वाहनों की आवाजाही के बीच घुमावदार सड़क होने के कारण स्थानीय लोगों के बीच दुर्घटना की आशंका बनी हुई है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, पुल निर्माण के लिए निर्माण सामग्री की लगातार ढुलाई के चलते प्रखंड मुख्यालय जाने वाली सड़क के साथ-साथ देवरिया रोड पर भी वाहनों का दबाव बढ़ गया है। खासकर 18 पहिये वाले भारी-भरकम हाईवा के आवागमन के दौरान सड़क पर अतिरिक्त सतर्कता की जरूरत महसूस की जा रही है।
शुक्रवार रात पेड़ गिरने की घटना ने एक बार फिर व्यस्त सड़क पर सुरक्षा व्यवस्था और भारी वाहनों के परिचालन को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। लोगों का कहना है कि निर्माण कार्य के दौरान भारी वाहनों के सुरक्षित परिचालन के साथ-साथ सड़क किनारे मौजूद पुराने पेड़ों और अन्य संभावित खतरों पर भी संबंधित विभाग को ध्यान देना चाहिए।










