- 24 घंटे प्रसव की सुविधा वाले सीएचसी एकमा में गर्भवती महिलाओं को निजी लैब का लेना पड़ रहा सहारा, जांच के नाम पर 1200 से 1500 रुपये तक अतिरिक्त खर्च
एकमा (सारण)। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) एकमा में पांच लैब टेक्निशियन पदस्थापित होने के बावजूद मरीजों को 24 घंटे पैथोलॉजी जांच की सुविधा नहीं मिल पा रही है। खासकर रात के समय प्रसव के लिए पहुंचने वाली गर्भवती महिलाओं को जांच के लिए निजी लैब का सहारा लेना पड़ रहा है। इसके चलते मरीजों और उनके परिजनों को जांच के नाम पर 1200 से 1500 रुपये तक अतिरिक्त खर्च करने की मजबूरी सामने आ रही है।
सीएचसी एकमा में वर्तमान में लैब टेक्निशियनों के रूप में सुनील कुमार गुप्ता, अर्चना कुमारी, राजीव रंजन, संजय कुमार और सुनील पासवान पदस्थापित हैं। इसके बावजूद रात्रि में लैब जांच की सुविधा उपलब्ध नहीं होने से मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
बताया जाता है कि वर्तमान प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. साजन कुमार के पदस्थापन से पहले तत्कालीन सीएचसी प्रभारी डॉ. गंगासागर बिंद के कार्यकाल में तथा उनसे पहले मांझी सीएचसी प्रभारी सह एकमा सीएचसी के अतिरिक्त चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. रोहित कुमार के प्रभार के दौरान सीएचसी एकमा में 24 घंटे लैब जांच की सुविधा उपलब्ध थी। उस समय भी लैब टेक्निशियन व संख्या लगभग इतनी और यही थी। इसके बावजूद वर्तमान में 24 घंटे जांच की सुविधा बंद रहने को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
सबसे अधिक परेशानी रात के समय अस्पताल पहुंचने वाली गर्भवती महिलाओं को हो रही है। प्रसव के दौरान चिकित्सकीय सलाह पर विभिन्न प्रकार की जांच की आवश्यकता पड़ने पर अस्पताल की लैब में जांच नहीं हो पाने की स्थिति में मरीजों को निजी लैब में भेजा जा रहा है। इससे उन्हें जांच के खर्च के अलावा रात में आने-जाने की परेशानी भी झेलनी पड़ती है।
विडंबना यह है कि सीएचसी एकमा में 24 घंटे प्रसव की सुविधा उपलब्ध है और चिकित्सकों की तैनाती भी है, लेकिन आपात स्थिति में आवश्यक पैथोलॉजी जांच की सुविधा 24 घंटे उपलब्ध नहीं है। ऐसे में सवाल उठना स्वाभाविक है कि जब अस्पताल में पांच लैब टेक्निशियन पदस्थापित हैं, तो फिर रात्रि में लैब सेवा संचालित क्यों नहीं की जा रही है?
इस संबंध में 20 सूत्री अध्यक्ष सह एकमा प्रखंड जदयू अध्यक्ष राजेश्वर सिंह ने एकमा विधायक मनोरंजन कुमार सिंह धूमल और सीएचसी एकमा के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ साजन कुमार के समक्ष पूरजोर तरीके से उठखया है। स्थानीय लोगों और मरीजों के परिजनों ने स्वास्थ्य विभाग के वरीय अधिकारियों से मामले की जांच कराकर सीएचसी एकमा में पूर्व की तरह 24 घंटे लैब जांच की सुविधा बहाल कराने की मांग की है, ताकि रात में अस्पताल आने वाले मरीजों, विशेषकर गर्भवती महिलाओं को अनावश्यक आर्थिक बोझ और परेशानी से राहत मिल सके।
उधर, इस संबंध में प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ साजन कुमार का कहना है कि कुछ लैब टेक्निशियनों से अलग-अलग केंद्रों पर उनसे सेवाएं ली जा रही हैं।










