चोरी हुआ ई-रिक्शा लोडर बरामद, एक आरोपित गिरफ्तार

News4Bihar । एकमा थाना क्षेत्र से चोरी हुए ई-रिक्शा लोडर को पुलिस ने रिविलगंज थाना क्षेत्र से लावारिस हालत में बरामद कर लिया। इस मामले में पुलिस ने छपरा के मासूमगंज निवासी गोविन्दा यादव को गिरफ्तार किया है। नौतन गांव निवासी अखिलेश सिंह ने थाने में आवेदन देकर बताया था कि 23 अगस्त की देर शाम वह ई-रिक्शा लोडर लेकर छपरा जा रहा था। माने ढाला के समीप चाय की दुकान पर वाहन खड़ा कर चाय पीने लगा। इसी दौरान वापस लौटने पर ई-रिक्शा लोडर गायब मिला। इसके बाद उन्होंने पुलिस को इसकी सूचना दी। मामले में एकमा थाने में कांड संख्या 327/26 दर्ज कर पुलिस जांच में जुटी थी।

थानाध्यक्ष राम बालक यादव ने बताया कि अनुसंधान के दौरान पुलिस को चोरी हुए ई-रिक्शा लोडर के संबंध में महत्वपूर्ण सुराग मिले। इसके आधार पर पुलिस ने छापेमारी कर गोविन्दा यादव को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपित के घर से ई-रिक्शा लोडर की बैट्री भी बरामद की गई। वहीं, उसकी निशानदेही पर रिविलगंज थाना क्षेत्र में लावारिस हालत में खड़े ई-रिक्शा लोडर को बरामद कर लिया गया। पुलिस ने आवश्यक पूछताछ के बाद गिरफ्तार आरोपित को जेल भेज दिया। वहीं, ई-रिक्शा लोडर चोरी के नेटवर्क में शामिल अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।