मढ़ौरा (सारण): सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर शुरू हुई दो साल पुरानी प्रेम कहानी आखिरकार शादी के मुकाम तक पहुंच गई। गुरुवार को गरखा के एक होटल में मिलने पहुंचे प्रेमी-प्रेमिका के पकड़े जाने के बाद ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों की पहल पर दोनों की शादी मढ़ौरा स्थित गढ़देवी मंदिर में हिंदू रीति-रिवाज से संपन्न कराई गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सारण जिले के डेरनी थाना क्षेत्र के खानपुर निवासी चंदेश्वर महतो के पुत्र रोहित कुमार दीप और सिरसा राई गांव निवासी राजकुमार महतो की पुत्री लाली कुमारी पिछले करीब दो वर्षों से एक-दूसरे के संपर्क में थे। दोनों की जान-पहचान इंस्टाग्राम के माध्यम से हुई थी, जो समय के साथ प्रेम संबंध में बदल गई।
बताया जाता है कि गुरुवार को दोनों गरखा के एक होटल में मिलने पहुंचे थे। इसी दौरान लड़की के गांव के चंदन चौधरी ने उन्हें देख लिया और इसकी सूचना लड़की के परिजनों को दे दी। सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। कुछ देर तक अफरा-तफरी और बातचीत का दौर चला।
बाद में सिरसा राई पंचायत के सरपंच सुरेंद्र राय उर्फ टीपन राय, पंचायत समिति सदस्य मनोज सिंह समेत अन्य जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने दोनों पक्षों से बातचीत कर आपसी सहमति से विवाह कराने का निर्णय लिया।
इसके बाद प्रेमी युगल को मढ़ौरा के गढ़देवी मंदिर ले जाया गया, जहां वैदिक मंत्रोच्चार और हिंदू रीति-रिवाज के अनुसार दोनों का विधिवत विवाह संपन्न कराया गया। विवाह समारोह में लड़की के माता-पिता और परिजन मौजूद रहे। वहीं लड़के के परिजनों को भी इस संबंध में सूचना दी गई थी।
इस अवसर पर सरपंच सुरेंद्र राय उर्फ टीपन राय, पंचायत समिति सदस्य मनोज सिंह, चंदन चौधरी, ललन माझी, मोहर माझी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण और महिलाएं उपस्थित रहीं।
स्थानीय लोगों के बीच यह अनोखी शादी चर्चा का विषय बनी हुई है। सोशल मीडिया पर शुरू हुई यह प्रेम कहानी अब विवाह के साथ एक नई शुरुआत में बदल गई।










