इसुआपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 55 डेबिट कार्ड और 3 मोबाइल के साथ पंजाब का युवक गिरफ्तार

News4Bihar | इसुआपुर, सारण। इसुआपुर थाना पुलिस ने बुधवार दोपहर गुप्त सूचना के आधार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए 55 डेबिट कार्ड और तीन मोबाइल फोन के साथ एक संदिग्ध युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और बरामद डेबिट कार्डों के उपयोग व संभावित साइबर ठगी के एंगल से भी पड़ताल की जा रही है।

गिरफ्तार युवक की पहचान शुभम सिंह (पिता- पप्पू सिंह), निवासी जसवीर कॉलोनी, गोविंदगढ़, थाना सहनेवाल, जिला लुधियाना (पंजाब) के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, सूचना मिली थी कि भारत गैस एजेंसी, इसुआपुर के समीप एक व्यक्ति बड़ी संख्या में एटीएम/डेबिट कार्ड लेकर संदिग्ध अवस्था में खड़ा है। सूचना मिलते ही इसुआपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस टीम को देखते ही युवक भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन पुलिसकर्मियों ने घेराबंदी कर उसे मौके पर ही दबोच लिया।

तलाशी के दौरान उसके पास से 55 डेबिट कार्ड और तीन मोबाइल फोन बरामद किए गए। पूछताछ में आरोपित बरामद कार्डों एवं मोबाइल फोन के संबंध में कोई संतोषजनक जवाब या वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने सभी सामान जब्त कर उसे गिरफ्तार कर लिया।

इस मामले में इसुआपुर थाना कांड संख्या 284/26 दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि बरामद डेबिट कार्ड किन लोगों के हैं और उनका इस्तेमाल किसी साइबर अपराध या वित्तीय धोखाधड़ी में तो नहीं किया गया।

गिरफ्तारी अभियान में अपर थानाध्यक्ष अंकित कुमार ओझा सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी एवं जवान शामिल रहे।