सर्राफा व्यवसायी छिनतई मामले का पुलिस ने किया खुलासा, शिकायत निकली झूठी

इसुआपुर। सहवां गांव के सर्राफा व्यवसायी चंदन कुमार से कथित छिनतई के मामले का इसुआपुर पुलिस ने शनिवार को खुलासा कर दिया। पुलिस जांच में यह मामला झूठा पाया गया। पुलिस के अनुसार, व्यवसायी ने कर्ज और बैंक ऋण से बचने के उद्देश्य से लूट की मनगढ़ंत कहानी रची थी तथा झूठा आवेदन देकर पुलिस को गुमराह किया। एसडीपीओ मढ़ौरा -2 एस.के. सुधांशु,थानाध्यक्ष गौरव कुमार गौरव एवं मामले के अनुसंधानकर्ता अपर थानाध्यक्ष अंकित कुमार ओझा ने बताया कि घटना की वैज्ञानिक एवं तकनीकी तरीके से जांच की गई। जांच के दौरान वादी के घर से कथित घटनास्थल तक पहुंचने में करीब 25 मिनट का समय लगा। वहीं, वादी ने घटना का समय शाम 4:01 बजे बताया था, जबकि उसके घर पर लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज में उसके घर से निकलने का समय दोपहर 2:53 बजे दर्ज मिला। दूसरी ओर, घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों से भी वादी के बयान में कई विरोधाभास सामने आए। पुलिस ने बताया कि पूछताछ के दौरान वादी लगातार अपने बयान बदलता रहा। पहले उसने घटना के दिन अपने आने-जाने के स्थान को लेकर अलग-अलग जानकारी दी। जब साक्ष्यों के आधार पर उससे कड़ाई से पूछताछ की गई तो उसने स्वीकार किया कि उस पर करीब चार लाख रुपये का कर्ज था, जिसमें दो लाख रुपये निजी उधारी (हाथफेर) तथा दो लाख रुपये बैंक ऋण शामिल था। इसी वित्तीय दबाव से बचने के लिए उसने झूठी छिनतई की कहानी बनाकर पुलिस में आवेदन दिया था। थानाध्यक्ष ने बताया कि वरीय अधिकारियों के निर्देश पर घटनास्थल का गहन निरीक्षण, सीसीटीवी फुटेज की जांच और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के विश्लेषण के बाद मामला पूरी तरह फर्जी पाया गया। पूछताछ में वादी ने स्वयं भी स्वीकार किया कि उसने पुलिस को गुमराह करने के उद्देश्य से झूठी सूचना दी थी। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।