अचितपुर हत्याकांड: मुख्य आरोपी मनु गिरी गिरफ्तार, न्यायिक हिरासत में भेजा गया जेल

  इसुआपुर (सारण)। इसुआपुर थाना क्षेत्र के अचितपुर गांव में 20 जून को हुई महिला हत्याकांड के मुख्य आरोपी मनु गिरी को पुलिस ने गिरफ्तार कर शनिवार को न्यायिक हिरासत में छपरा मंडल कारा भेज दिया। मामले का खुलासा करते हुए मढ़ौरा-2 के एसडीपीओ एस.के. सुधांशु ने शनिवार को इसुआपुर थाना परिसर में आयोजित प्रेस वार्ता में इसकी जानकारी दी।

एसडीपीओ ने बताया कि अचितपुर निवासी अशोक गिरी की दूसरी पत्नी शबरुन निशा उर्फ सोनी देवी की हत्या घरेलू कलह और संपत्ति विवाद के चलते की गई थी। पुलिस जांच में यह सामने आया कि मुख्य आरोपी मनु गिरी ने अपने परिजनों और अन्य सहयोगियों के साथ मिलकर 20 जून की देर शाम महिला को दो गोलियां मारकर उसकी हत्या कर दी थी।

उन्होंने बताया कि घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नामजद आरोपी गायत्री देवी और अलका देवी को अगले ही दिन गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया था। वहीं, मामले में संलिप्त एक अन्य आरोपी अंकित सिंह को भी गिरफ्तार कर शुक्रवार को जेल भेजा गया।

इसुआपुर थानाध्यक्ष गौरव कुमार गौरव ने बताया कि लगातार की जा रही छापेमारी के दौरान हत्या के मुख्य आरोपी मनु गिरी को शुक्रवार की शाम मसरख थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया। आवश्यक पूछताछ के बाद शनिवार को उसे न्यायिक हिरासत में भेजते हुए छपरा मंडल कारा भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार, हत्याकांड से जुड़े अन्य पहलुओं की भी गहनता से जांच की जा रही है। मामले में फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी अभियान जारी है।